तेलंगाना: भाजपा ने रेवंत रेड्डी की ‘हिंदूविरोधी’ टिप्पणियों के खिलाफ प्रदर्शन किया

रेड्डी की टिप्पणियों को शर्मनाक बताया

Photo: @BJP4India X account

हैदराबाद/दक्षिण भारत। तेलंगाना भाजपा की महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की कथित हिंदूविरोधी टिप्पणियों के खिलाफ यहां प्रदर्शन किया।

भाजपा की महिला मोर्चा और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने यहां नामपल्ली स्थित पार्टी के तेलंगाना मुख्यालय में हुए प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाए।

रेड्डी की टिप्पणियों को शर्मनाक बताते हुए भाजपा महिला मोर्चा की राज्य इकाई की अध्यक्ष शिल्पा रेड्डी ने उनसे माफी की मांग की। 

सड़क पर धरने पर बैठे भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को पुलिसकर्मियों ने वहां से हटाया।

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने रेड्डी की टिप्पणियों के खिलाफ 3 दिसंबर को पूरे राज्य में पुतला दहन सहित विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया था।
 
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और बंडी संजय कुमार सहित अन्य भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री की कथित हिंदूविरोधी टिप्पणियों की निंदा की और तेलंगाना में हिंदुओं की एकता का आह्वान किया।
 
मंगलवार को यहां सत्तारूढ़ कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा कि यह पार्टी सभी को साथ लेकर चलती है और यह विभिन्न सोच वाले लोगों का घर है।
 
हिंदू धर्म का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्त अनेक देवताओं की पूजा करते हैं।

उन्होंने कहा, 'हिंदुओं के लिए कितने देवता हैं? तीन करोड़? जो अविवाहित हैं उनके लिए हनुमान हैं। जो दो बार विवाह करते हैं, उनके लिए एक और देवता हैं।'

उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय देवता हैं जहां विशेष अवसरों पर ... और ... भोजन परोसा जाता है, और कुछ देवता ऐसे हैं जिनकी पूजा 'दाल-चावल' खाने वाले करते हैं। 

 

About The Author: News Desk