रुझान: बिहार में राजग की महालहर, छू लिया 200 का आंकड़ा

भाजपा 90, जद (यू) 80, लोजपा 21, हम 5, राष्ट्रीय लोक मोर्चा 4 सीटों पर आगे

Photo: ECI Website

पटना/दक्षिण भारत। बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों में राजग ने सबको चौंका दिया है। उसने 200 सीटों का आंकड़ा छू लिया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 90, जद (यू) 80, लोजपा 21, हम 5, राष्ट्रीय लोक मोर्चा 4 सीटों पर आगे हैं।

राजद को भारी नुकसान होता दिखाई दे रहा है। वह सिर्फ 27 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस का प्रदर्शन भी कमजोर रहा है। उसके उम्मीदवार 5 सीटों पर आगे चल रहे हैं। ओवैसी की एआईएमआईएम 5 सीटों पर आगे है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (लिबरेशन) 2 सीटों पर आगे है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) सिर्फ एक सीट पर आगे है। मायावती की बसपा एक सीट पर आगे है। 

243 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 122 सीटों की जरूरत है। इस तरह राजग ने रुझानों में बहुमत के आंकड़े को बहुत पीछे छोड़ दिया है। अगर आखिरी नतीजे कमोबेश यही रहते हैं तो बिहार में प्रचंड बहुमत के साथ राजग की सरकार बनने जा रही है।

बिहार में बदलाव का वादा कर चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंकने वाले प्रशांत किशोर को तगड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी जन सुराज कोई कमाल नहीं दिखा पाई। अब तक के रुझानों में जन सुराज का कोई उम्मीदवार आगे नजर नहीं आ रहा है। 

मतगणना के ताजा आंकड़े आने के साथ ही रुझानों में बदलाव आ रहा है। राजद के तेजस्वी यादव एक बार फिर पिछड़ गए हैं। भाजपा के सतीश कुमार ने 4829 वोटों की बढ़त ले ली है। चर्चा है कि अगर यह अंतर यूं ही बढ़ता गया तो महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अपनी सीट गंवा सकते हैं।

About The Author: News Desk