नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली धमाका मामले में घटना स्थल से इकट्ठे किए गए नमूनों के डीएनए परीक्षण से पुष्टि हुई है कि डॉ. उमर नबी ही उस कार को चला रहा था। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि उमर की मां के डीएनए नमूने मंगलवार को लिए गए और जांच के लिए भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि घटना स्थल से लिए गए अवशेषों के साथ उनका भी विश्लेषण किया गया।
एक सूत्र ने बताया, 'डीएनए के नतीजों से पुष्टि होती है कि वास्तव में उमर ही वह वाहन चला रहा था।' उमर इस हफ़्ते की शुरुआत में पकड़े गए एक सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का प्रमुख सदस्य था। वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के कोइल गांव का रहने वाला था।
पुलिस द्वारा प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और तीन डॉक्टरों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार करने के कुछ ही घंटों बाद, सोमवार शाम को दिल्ली के लाल किला इलाके के पास एक धीमी गति से चलती कार में उच्च तीव्रता वाला धमाका हुआ था।
पुलिस ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर लगभग 3,000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर जब्त किया है।