बिहार: एग्जिट पोल में फिर एक बार राजग सरकार

महागठबंधन को लगने जा रहा बड़ा झटका

फोटो: संबंधित पार्टियों के फेसबुक पेजों से।

पटना/दक्षिण भारत। बिहार में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण का मतदान होने के बाद एग्जिट पोल आ गए। उनमें राजग की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है।

मैटराइज़ के एग्जिट पोल में राजग को 147 से 167 सीटें, महागठबंधन को 70 से 90 सीटें, जन सुराज को 0 से 2 सीटें और अन्य को 2 से 8 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

इस एग्जिट पोल की मानें तो भाजपा को 65 से 73 सीटें, जदयू को 67 से 75 सीटें, लोजपा (रामविलास) को 7 से 0 सीटें, हम को 4 से 5 सीटें और आरएलएम को 1 से 2 सीटें मिल सकती हैं। इसी तरह महागठबंधन में राजद को 53 से 58 सीटें, कांग्रेस को 10 से 12 सीटें, वीआईपी को 1 से 4 सीटें और वाम दलों को 9 से 14 सीटें मिल सकती हैं।

चाणक्य स्ट्रैटेजीज के एग्जिट पोल में भी कुछ ऐसे ही अनुमान लगाए गए हैं। उसके अनुसार, राजग को 130 से 138 सीटें, महागठबंधन को 100 से 108 सीटें और अन्य को 3 से 5 सीटें मिल सकती हैं। जन सुराज का खाता भी नहीं ​खुल रहा है!

पीपल्स पल्स के एग्जिट पोल के अनुसार, राजग 133 से 159 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन कर सकता है। वहीं, महागठबंधन सिर्फ 75 से 101 सीटों तक सीमित रह सकता है। जन सुराज अधिकतम 5 सीटें जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज करवा सकता है। अन्य के खाते में 2 से 8 सीटें जा सकती हैं। 

पीपल्स इनसाइट के एग्जिट पोल में राजग को 133 से 148 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। महागठबंधन को 87 से 102 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। जनसुराज को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं। अन्य 3 से 6 सीटों पर जीत दर्ज कर सकते हैं।

पी-मार्क का एग्जिट पोल कहता है कि राजग 142 से 162 सीटें जीतकर सरकार बना सकता है। उधर, महागठबंधन पूरा जोर लगाकर भी 80 से 98 सीटें ही जीत पाएगा। जन सुराज 1 से 4 सीटें ही जीतेगा। अन्य के पास 0 से 3 सीटें जा सकती हैं।

जेवीसी एग्जिट पोल में राजग के लिए 135 से 150 सीटें जीतने का अनुमान लगाया गया है। महागठबंधन 88 से 103 सीटें जीत सकता है। जन सुराज को अधिकतम 1 सीट मिल सकती है। अन्य के हिस्से में 3 से 6 सीटें जा सकती हैं।

About The Author: News Desk