बरारी/दक्षिण भारत। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने शनिवार को बिहार के बरारी में कांग्रेस की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश को बनाने में बिहार का बहुत बड़ा योगदान है। बिहार के लोग अपनी शक्ति पहचानें।
उन्होंने कहा कि वे आपके ही बुजुर्ग थे, जिन्होंने देश में गंगा-जमुनी तहजीब की नींव डाली थी। यहां के किसानों ने एक ऐसा आंदोलन किया कि महात्मा गांधी हजारों मील दूर से यहां आए थे और प्रेरणा लेकर सत्याग्रह शुरू किया था।
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि मेरे भाई राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा', 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के बाद बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' की थी। ये यात्राएं इन 'वोट चोरों' से आपके अधिकारों को बचाने के लिए की गईं। बिहार के 65 लाख वोट काट दिए गए, क्योंकि भाजपा सरकार जनता से डर गई है। अब जनता जाग गई है और कह रही है- विकास करो, नहीं तो सत्ता से जाओ।
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि बिहार के युवा परीक्षा देते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक हो जाता है। परीक्षा और भर्तियों के इंतजार में युवाओं के जीवन के कई साल बर्बाद हो जाते हैं। बिहार में तमाम सरकारी पद खाली हैं। फिर भी युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है।
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि नरेंद्र मोदी यहां सिर्फ चुनाव के समय नजर आते हैं, लेकिन जब भी यहां आते हैं तो मुद्दों के बजाए इधर-उधर की बातें करते हैं। मैंने कांग्रेस पार्टी में प्रधानमंत्री समेत कई बड़े नेताओं को देखा है, जो जनता के बीच जाते थे, उनकी बात और समस्याएं सुनते थे। कभी किसी को सवाल पूछने से रोका नहीं गया। हमारी पार्टी में आज भी यही परंपरा कायम है। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना और सवाल पूछना हमारे देश की परंपरा रही है।
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि मोदी सरकार ने देश में एक संस्था नहीं बनाई। उद्योग या शिक्षा के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन जितने भी बड़े उद्योग थे, वे अपने दोस्त को सौंप दिए। बिहार की जमीन एक रुपए एकड़ के भाव से अडानी को दे दी। अगर युवाओं को एक एकड़ जमीन दे देते, तो वे अपना भविष्य बना लेते।