सीतामढ़ी/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के सीतामढ़ी में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में बिहार ने कमाल कर दिया है। इस चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। चारों तरफ यह चर्चा है कि बिहार के नौजवानों ने विकास को चुना है, राजग को चुना है। बिहार की बहनों-बेटियों ने भी राजग की रिकॉर्ड विजय पक्की कर दी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम आज सीतामढ़ी में जो माहौल देख रहे हैं, वह दिल को छूने वाला है। यह माहौल भी इस बात का संदेश दे रहा है कि- नहीं चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार राजग सरकार।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आप लोगों ने इन 3 मिनट में अच्छे-अच्छों की नींद उड़ा दी है। यही तो जनता-जनार्दन की ताकत होती है। मां सीता की इस पुण्य भूमि पर मैं आया हूं, यह भी बड़ा सौभाग्य है। मुझे 5-6 साल पहले का आज का ही दिन याद आता है। वो तारीख थी 8 नवंबर, 2019, जब मैं, माता सीता की इस धरती पर आया था। और यहां से अगले दिन मुझे पंजाब में करतारपुर साहिब कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए निकलना था और अगले ही दिन उच्चतम न्यायालय से अयोध्या पर फैसला भी आना था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं मन ही मन प्रार्थना कर रहा था कि सीता मैया के आशीर्वाद से फैसला रामलला के पक्ष में ही आए। जब सीता माता की धरती से प्रार्थना की जाए, तो वह कभी विफल जाती है क्या? ऐसा ही हुआ, उच्चतम न्यायालय ने रामलला के पक्ष में ही फैसला दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आया हूं, आपका आशीर्वाद ले रहा हूं, तो इतने उत्साह से भरे लोगों के बीच वो दिन याद आना स्वाभाविक है। मां सीता के आशीर्वाद से ही विकसित बिहार बनेगा। यह चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों का भविष्य क्या होगा, आपकी संतानों का भविष्य क्या होगा, इसलिए यह बहुत अहम है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद वाले बिहार के बच्चों के लिए क्या करना चाहते हैं, यह इनके नेताओं के चुनाव प्रचार में साफ-साफ दिखता है। आप जरा इन जंगलराज वालों के गाने और इनके नारे सुन लीजिए। आप कांप जाएंगे कि ये क्या सोचते हैं, क्या बोलते हैं! राजद के मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है कि उन्हें रंगदार बनना है।
प्रधानमंत्री ने पूछा- बिहार का बच्चा रंगदार बनना चाहिए या डॉक्टर बनना चाहिए? बिहार का बच्चा अब रंगदार नहीं, बल्कि इंजीनियर, डॉक्टर, एडवोकेट और अदालत में जज बनेगा। अब बिहार में हैंड्स अप कहने वालों के लिए जगह नहीं है। अब तो बिहार में स्टार्टअप के सपने देखने वाले चाहिएं। हम बच्चों के हाथ में किताबें, कंप्यूटर, लैपटॉप दे रहे हैं। हमारे बच्चे खेल में आगे बढ़ें, इसलिए हम उन्हें बैट, हॉकी स्टिक, फुटबॉल और वालीबॉल दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जंगलराज का मतलब है- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार, करप्शन। ये कुसंस्कार से भरे हुए लोग हैं, कुशासन का राज चाहते हैं। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर, भोला पासवान शास्त्री जैसे महान नेताओं ने बिहार को सामाजिक न्याय और विकास का विश्वास दिया था। लेकिन जैसे ही बिहार में जंगलराज आया, बर्बादी का दौर शुरू हो गया था। राजद वालों ने बिहार में विकास का पूरा माहौल ही खत्म कर दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये राजद और कांग्रेस वाले उद्योगों की एबीसीडी भी नहीं जानते। ये उद्योगों पर सिर्फ ताले लगाना जानते हैं। 15 वर्ष में एक भी बड़ा कारखाना बिहार में नहीं लगा। यहीं मिथिला में जो मिलें और फैक्ट्रियां थीं, वो भी बंद हो गई थीं। 15 वर्ष के जंगलराज में कोई भी बड़ा अस्पताल और मेडिकल कॉलेज बिहार में नहीं बना। इसलिए जंगलराज वालों के मुंह से विकास की बातें सिर्फ और सिर्फ सफेद झूठ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार ने बिहार का टूटा हुआ भरोसा लौटाया है। अब निवेशक बिहार आने के लिए उत्सुक हैं। यहां अच्छी सड़कें बन रही हैं, रेल और हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। बिजली के नए-नए कारखाने बन रहे हैं, यहां जो रीगा चीनी मिल है, वह फिर से शुरू हो गई है। आने वाले समय में बिहार में ऐसी मिलें और फैक्ट्रियां बनाने का काम और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों के हितों को देखते हुए हमारी सरकार गन्ने से इथेनॉल बनाने को भी बढ़ावा दे रही है। भाजपा और राजग जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरी होने की भी गारंटी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि बिहार में फिर से राजग सरकार बनते ही हम विकास की इस गति को और मजबूती देंगे और आप लोगों के कल्याण का अधिक काम करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार यहां विकास भी कर रही है और विरासत को भी सम्मान दे रही है। हम इस क्षेत्र को रामायण सर्किट से जोड़ रहे हैं। सीतामढ़ी से अयोध्या के लिए सीधी रेल सेवा भी इसी प्लान का हिस्सा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके दामादजी तो खुद प्रभु श्रीराम हैं। अयोध्या में सीतामढ़ी के दामादजी का भव्य मंदिर बन गया है। अब माता के मायके की बारी है। पुनौरा धाम की भव्यता अब पूरी दुनिया देखेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ राजग सरकार अपने तीर्थों का विकास कर रही है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और राजद के लोग हमारी आस्था का अपमान कर रहे हैं। आपने कांग्रेस के नामदार की बातें सुनी होंगी, उन्होंने छठ पूजा के लिए क्या कहा था। छठ महापर्व हमारी बिहार की माताओं-बहनों की तपस्या का एक गौरवपूर्ण पर्व है। कांग्रेस के नामदार कहते हैं कि छठ महापर्व तो ड्रामा है, नौटंकी है। यह हमारी माताओं-बहनों, छठ मैया, परंपरा, विरासत और संस्कृति का अपमान है। ऐसा करने वालों को सजा अवश्य मिलनी चाहिए।