न्यूयॉर्क/दक्षिण भारत। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच मई में शांति स्थापित करवाई थी। उन्होंने दावा किया कि दोनों परमाणु संपन्न पड़ोसियों को धमकी दी थी कि अगर वे सैन्य संघर्ष जारी रखते हैं तो ट्रेड समझौते तोड़ देंगे। यह दावा उन्होंने तब से कई बार दोहराया है।
फ्लोरिडा में अमेरिका बिजनेस फोरम मियामी को संबोधित करते हुए ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाल में हुए सैन्य संघर्ष के दौरान आठ विमानों को मार गिराया गया था। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वे किस देश के थे।
अब तक ट्रंप कहते रहे हैं कि संघर्ष के दौरान सात विमानों को मार गिराया गया था।
उन्होंने कहा कि आठ महीनों में उन्होंने कोसोवो और सर्बिया, तथा कांगो और रवांडा सहित आठ युद्धों को समाप्त कर दिया, जो लंबे समय से चल रहे थे।
'पाकिस्तान और भारत ... मैं दोनों के साथ एक व्यापारिक समझौते पर बातचीत कर रहा था, और फि र... मैंने सुना कि वे युद्ध करने वाले हैं। सात विमान मार गिराए गए, और आठवां विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था... कुल मिलाकर आठ विमान मार गिराए गए थे।
'मैंने कहा, यह युद्ध है ... 'मैं आप लोगों के साथ कोई ट्रेड समझौता नहीं करूंगा जब तक आप शांति के लिए सहमत न हों।' दोनों देशों ने कहा, 'बिल्कुल नहीं। इसका इससे कोई लेना-देना नहीं है ...।' मैंने कहा, 'इसका इससे कोई लेना-देना नहीं है। आप परमाणु शक्तियां हैं। मैं आपके साथ व्यापार नहीं कर रहा हूं। अगर आप एक-दूसरे के साथ युद्ध में हैं, तो हम आपके साथ कोई समझौता नहीं कर रहे हैं।'
'एक दिन बाद, मुझे फ़ोन आया, 'हमने शांति स्थापित कर ली है'। उन्होंने रोक दिया। मैंने कहा, 'धन्यवाद। चलो व्यापार करते हैं'। क्या यह बढ़िया नहीं है? टैरिफ़ ने ऐसा कि या... टैरिफ़ के बिना, यह कभी नहीं होता।'
10 मई को जब ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि वाशिंगटन की मध्यस्थता में एक 'लंबी रात' की बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान 'पूर्ण और तत्काल युद्धविराम' पर सहमत हो गए हैं, तब से उन्होंने 60 से अधिक बार अपने इस दावे को दोहराया है कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव को समाधान करने में मदद की थी।