सासाराम: नामांकन दाखिल करने के बाद लालू के दल का उम्मीदवार गिरफ्तार!

साल 2018 में स्थायी वारंट जारी किया गया था

Photo: @rjdparty FB page

सासाराम/दक्षिण भारत। बिहार की सासाराम विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने के तुरंत बाद राजद उम्मीदवार सतेंद्र साह को गिरफ्तार कर लिया गया।

संबंधित थाने के अधिकारियों का कहना है कि साह को झारखंड पुलिस ने इसलिए गिरफ्तार किया, क्योंकि उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) लंबित था। उनके समर्थकों को इस घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं थी।

रोहतास जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'सोमवार को जब साह सासाराम सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए संबंधित अंचल अधिकारी के कार्यालय पहुंचे, तो झारखंड पुलिस के अधिकारी उनके खिलाफ लंबित गैर जमानती वारंट की तामील करने के लिए वहां पहुंच गए। उन्हें नामांकन पत्र दाखिल करने की अनुमति दी गई ... लेकिन इसके तुरंत बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।'

झारखंड पुलिस ने कहा कि वे गढ़वा जिले के चिरौंजिया मोड़ पर साल 2004 में हुई बैंक डकैती के मामले में आरोपी थे।

झारखंड के गढ़वा में सदर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी सुनील तिवारी ने कहा, 'उस मामले में साल 2018 में सतेंद्र साह के खिलाफ एक स्थायी वारंट जारी किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड बताते हैं कि लूट, डकैती और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित 20 से अधिक मामले विभिन्न पुलिस थानों में उनके खिलाफ लंबित हैं।'

बिहार चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद इंड गठबंधन के घटक दलों के उम्मीदवारों को गिरफ्तार किए जाने की यह तीसरी घटना है।

बता दें कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए चुनाव 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होंगे। मतगणना 14 नवंबर को होगी। राजग के सामने बिहार में सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है।

About The Author: News Desk