न्यूयॉर्क/दक्षिण भारत। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रोशनी के त्योहार दीपावली पर शुभ कामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह परिवारों और दोस्तों को एक साथ लाकर जश्न मनाने का समय है।
ट्रंप ने एक बयान में कहा, 'आज, मैं दीपावली - 'रोशनी का त्योहार' मनाने वाले हर अमेरिकी को अपनी शुभ कामनाएं भेजता हूं।'
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'कई अमेरिकियों के लिए, दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का एक शाश्वत स्मरण है। यह परिवारों और दोस्तों को एक साथ लाकर समुदाय का जश्न मनाने, आशा से शक्ति प्राप्त करने और नवीनीकरण की स्थायी भावना को अपनाने का भी समय है।'
लाखों नागरिक दीये और लालटेन जलाते हुए, इस शाश्वत सत्य पर खुश होते हैं कि अच्छाई की हमेशा बुराई पर विजय होती है। उन्होंने आगे कहा, 'दीपावली मनाने वाले हर अमेरिकी के लिए, यह पर्व स्थायी शांति, समृद्धि, आशा और शांति लाए।'
इस बीच, संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल ने दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, 'दीपावली की शुभकामनाएं - दुनियाभर में रोशनी के इस त्योहार का जश्न मनाते हुए, क्योंकि बुराई पर अच्छाई की जीत होती है।'
अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास ने भी शुभकामनाएं दीं। उसने कहा, 'दीपावली के अवसर पर, सभी के स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना करते हैं।'
राष्ट्रपति के विशेष दूत सर्जियो गोर ने अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा के साथ इंडिया हाउस में दिवाली समारोह में भाग लिया।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दीपावली की शुभ कामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत और इज़राइल हमेशा एक साथ खड़े हैं।
इज़राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक पोस्ट में लिखा, 'प्रधानमंत्री नेतन्याहू: 'मेरे मित्र नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभ कामनाएं! प्रकाश का यह पर्व आपके महान राष्ट्र में आशा, शांति और समृद्धि लाए। इज़राइल और भारत एक साथ खड़े हैं। नवाचार, मित्रता, रक्षा और उज्ज्वल भविष्य में साझेदार।'
इजराइल के आधिकारिक अकाउंट से भी दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।
उसने कहा, 'भारत भर में लाखों लोग अंधकार पर प्रकाश की विजय का जश्न मनाने के लिए दीये जला रहे हैं, वहीं इज़राइल शांति, नवीनीकरण और आशा की हार्दिक शुभ कामनाएं देता है। दीपावली की रोशनी घरों और दिलों, दोनों में चमके। यरुशलम से दिल्ली और उससे भी आगे, रोशनी का यह त्योहार हम सभी को एक उज्ज्वल कल में विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित करे। भारत में हमारे सभी दोस्तों को शुभ और शांतिपूर्ण दीपावली की शुभ कामनाएं।'