जगमग हुआ कोना-कोना, देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही दीपावली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

सोशल मीडिया पर दीपावली संबंधी तस्वीरों और शुभ कामनाओं का सैलाब उमड़ आया है

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। देशभर में दीपावली धूमधाम से मनाई जा रही है। लोगों ने हर्षोल्लास से मां लक्ष्मी का पूजन किया और दीये जलाए। उन्होंने देश-दुनिया में सबके लिए सुख-शांति की कामना की। सोशल मीडिया पर दीपावली संबंधी तस्वीरों और शुभ कामनाओं का सैलाब उमड़ आया है। 

महानगरों से लेकर गांव, ढाणियों तक लोगों ने अपने घरों को दीयों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह त्योहार हमारे जीवन को सद्भाव, खुशी और समृद्धि से रोशन करे तथा चारों ओर सकारात्मकता की भावना बनी रहे।

प्रधानमंत्री ने गोवा में आईएनएस विक्रांत पर तैनात नौसेना कर्मियों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने इसे 'आत्मनिर्भर भारत' का विशाल प्रतीक बताया। साथ ही, पाकिस्तान पर भी निशाना साधा।

500 साल पुराने मंदिर में दीपावली उत्सव 

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने गोमती जिले में स्थित 51 शक्तिपीठों में से एक, 500 साल पुराने मां त्रिपुर सुंदरी मंदिर में तीन दिवसीय दीपावली उत्सव का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने हज़ारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में देवी के समक्ष 'कल्याण आरती' में भाग लिया।

धामी ने आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले महीने भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से प्रभावित सहस्रधारा क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

उन्होंने मझाड़ा और अन्य गांवों का दौरा किया और प्रभावित क्षेत्र में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया।

लद्दाख में सैनिकों के साथ मनाई दीपावली

लद्दाख के उपराज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने यहां सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाई और देश की सीमाओं की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की।

उन्होंने सशस्त्र बलों और पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार और प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

प. बंगाल में दीपावली और काली पूजा की धूम

दीपावली और काली पूजा के अवसर पर पश्चिम बंगाल का हर कोना रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा उठा। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने काली मंदिरों में दर्शन किए और देवी मां को पुष्प चढ़ाए।

About The Author: News Desk