बिहार चुनाव के बाद निष्कर्ष पर पहुंचेगा कर्नाटक का राजनीतिक घटनाक्रम: विजयेंद्र येडीयुरप्पा
विजयेंद्र ने कहा- 'कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं है'
Photo: BYVijayendra FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येडीयुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में पहले से चल रहे कई राजनीतिक घटनाक्रमों के बिहार विधानसभा चुनावों के बाद तार्किक निष्कर्ष पर पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर इस साल के आखिर में मुख्यमंत्री बदलने की संभावना के बारे में उठ रहीं आवाजों का हवाला दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि हालिया घटनाक्रम से संकेत मिलता है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर 'सबकुछ ठीक नहीं है', पार्टी के सदस्य स्वयं नवंबर में राजनीतिक बदलावों को गति मिलने का संकेत दे रहे हैं।नवंबर में जब कांग्रेस सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल के आधे पड़ाव पर पहुंच जाएगी, तो राज्य में नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही हैं, जिसे कुछ लोग 'नवंबर क्रांति' बता रहे हैं।
विजयेंद्र ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'सत्तारूढ़ दल के मंत्रियों और विधायकों की प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट है कि कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं है। बिहार चुनाव के बाद, राज्य में शुरू हो चुके कई राजनीतिक घटनाक्रम अपने तार्किक अंत तक पहुंचेंगे। सत्ताधारी दल के लोग खुद इस बारे में बात कर रहे हैं।'
यह पूछे जाने पर कि क्या नवंबर में राजनीतिक घटनाक्रम में तेजी आने के संकेत हैं, उन्होंने कहा, 'सत्तारूढ़ पार्टी के सदस्य खुद संकेत दे रहे हैं। हम छह महीने से यह कह रहे हैं। क्या यह मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए खतरा है, या यह किसी और के लिए सौभाग्य होगा, देखते हैं।'
मुख्यमंत्री परिवर्तन की चर्चाओं के बीच सिद्दरामय्या ने दोहराया है कि वे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल में फेरबदल पर भी विचार कर रहे हैं, क्योंकि सरकार का ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है, जिसे इस बात का संदेश माना जाएगा कि वे सत्ता में हैं और आगे भी बने रहेंगे।


