तमिलनाडु भगदड़: मृतकों की संख्या 39 हुई, 67 का इलाज जारी

अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है

Photo: PixaBay

करूर/दक्षिण भारत। तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी सेंथिल कुमार ने रविवार को बताया कि शनिवार को यहां हुई भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। 67 लोगों का अभी भी अस्पताल में इलाज जारी रहा है।

सेंथिल कुमार ने जीएच में मरीजों से मिलने के बाद संवाददाताओं से कहा, 'इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 39 लोगों की मौत हुई है - 17 महिलाएं, 13 पुरुष, 4 लड़के और 5 बच्चियां। 30 (39 मृतकों में से) का पोस्टमॉर्टम हो चुका है और शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं।'

उन्होंने भर्ती मरीजों के बारे में बताया कि 26 लोगों का ओपीडी में इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गई। 67 भर्ती मरीजों में से 2 की हालत गंभीर थी। बाकी सभी की हालत स्थिर थी। एक मरीज को आगे के इलाज के लिए मदुरै जीएच में स्थानांतरित कर दिया गया है।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए हर व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

एक रिपोर्ट के अनुसार, विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने मदुरै में मद्रास उच्च न्यायालय की खंडपीठ का द्वार खटखटाया और घटना की स्वतंत्र जांच की मांग की। विजय ने मृतकों के परिवारों को 20 लाख रुपए और घायलों को 2 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

शनिवार देर रात करूर पहुंचे मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजन को 10-10 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

About The Author: News Desk