असम में जब तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, विकास की रफ्तार धीमी और विरासत संकट में रही: मोदी

प्रधानमंत्री ने असम के गोलाघाट में पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र की आधारशिला रखी

Photo: BJP X account

गोलाघाट/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के गोलाघाट में पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित असम, विकसित भारत की गौरव यात्रा के लिए आज का दिन बहुत महत्त्वपूर्ण है। आज करीब 18 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स असम को मिले हैं। ये प्रयास विकसित असम का रास्ता और मजबूत करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम भारत की ऊर्जा सामर्थ्य को बढ़ाने वाली धरती है। यहां से निकले पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स देश के विकास को गति देते हैं। असम के इस ताकत को भाजपा, राजग सरकार नई बुलंदी तक पहुंचाने में जुटी है।  

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मंच पर आने से पहले मैं पास में ही एक और कार्यक्रम में गया था। वहां बास से बायो एथनॉल बनाने वाले आधुनिक प्लांट का उद्घाटन किया गया है। यह असम के लिए गर्व की बात है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही आज यहां पॉलीप्रोपाइलीन प्लांट का शिलान्यास भी हुआ है। ये प्लांट असम में उद्योगों को बल देंगे, असम के विकास को गति देंगे। किसान, नौजवान सभी के लिए नए अवसर बनाएंगे। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे तेजी से विकसित होने वाला देश है। भारत अपनी ऊर्जा ज़रूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनने की राह पर चल पड़ा है। आज सोलर पावर के मामले में भारत दुनिया के टॉप-5 देशों में आ गया है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम बांस से इथेनॉल बनाने की प्रक्रिया का पता लगाने जा रहे हैं। यह उस समय की याद दिलाता है जब कांग्रेस सरकार ने बांस, जो हमारे आदिवासी समुदायों के दैनिक जीवन और परंपराओं में गहराई से समाया हुआ पौधा है, की कटाई पर प्रतिबंध लगा दिया था। उस समय, लोगों पर बांस का स्वतंत्र रूप से उपयोग करने पर प्रतिबंध लगाए गए थे। हालांकि, हमारी सरकार ने इस प्रतिबंध को हटाने के लिए निर्णायक कदम उठाया, जिससे पूर्वोत्तर के लोगों के लिए महत्त्वपूर्ण लाभ का मार्ग प्रशस्त हुआ।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम की उपजाऊ मिट्टी और मेहनती लोगों ने असम की चाय को एक वैश्विक ब्रांड का दर्जा दिलाया है। हालांकि, आज देश एक नए अध्याय की दहलीज पर खड़ा है। भारत के लिए आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए दो महत्त्वपूर्ण तत्व आवश्यक हैं: ऊर्जा और सेमी कंडक्टर। असम इस परिवर्तनकारी यात्रा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक शासन किया। यहां असम में भी कांग्रेस ने कई दशकों तक सरकार चलाई, लेकिन जब तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, तब तक यहां विकास की रफ्तार भी धीमी रही और विरासत भी संकट में रही। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार असम की पुरानी पहचान को सशक्त कर रही है। कांग्रेस ने असम को, नॉर्थ-ईस्ट को अलगाव दिया, हिंसा और विवाद दिए, जबकि भाजपा असम को विकास और विरासत से समृद्ध राज्य बना रही है। यह हमारी सरकार है, जिसने असमिया भाषा को क्लासिकल लैंग्वेज का दर्जा दिया। हमारी सरकार ने लाचित बोरफुकन की विरासत को सम्मान दिया।

About The Author: News Desk