अंतरिक्ष में भारत की प्रगति सामान्य नागरिकों का जीवन आसान बना रही है: मोदी

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर अपना संदेश दिया

Photo: @BJP4India X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस बार स्पेस डे की थीम है- आर्यभट्ट से गगनयान तक। इसमें अतीत का आत्मविश्वास भी है और भविष्य का संकल्प भी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नेशनल स्पेस डे हमारे युवाओं में उत्साह और आकर्षण का अवसर बन गया है। यह देश के लिए गर्व की बात है। मैं स्पेस सेक्टर से जुड़े सभी लोगों को, वैज्ञानिकों को, सभी युवाओं को नेशनल स्पेस डे की बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्पेस सेक्टर में एक के बाद एक नए मुकाम गढ़ना ... यह भारत और भारत के वैज्ञानिकों का स्वभाव बन गया है। दो साल पहले ही भारत ऐसा पहला देश बना था जिसने चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचने का इतिहास रचा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा फहराकर हर भारतीय को गर्व से भर दिया। जब वो तिरंगा मुझे दिखा रहे थे, जो वो पल और अनुभूति थी... वह शब्दों से परे है। आज भारत सेमी-क्रायोजेनिक इंजन और विद्युत प्रणोदन जैसी सफल तकनीक में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। जल्द ही, आप सब वैज्ञानिकों की मेहनत से, भारत गगनयान की उड़ान भी भरेगा और आने वाले समय में, भारत अपना स्पेस स्टेशन भी बनाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने लाल किले से कहा था कि हमारा रास्ता रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म का रास्ता है। इसलिए बीते 11 वर्षों में देश ने स्पेस सेक्टर एक के बाद एक लगातार बड़े रिफॉर्म्स किए हैं। आज स्पेस-टेक भारत में गवर्नेंस का भी हिस्सा बन रही है।

फसल बीमा योजना में उपग्रह आधारित आकलन हो, मछुआरों को उपग्रह से मिल रही जानकारी और सुरक्षा हो, आपदा प्रबंधन हो या पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान में भू-स्थानिक डेटा का इस्तेमाल हो। आज अंतरिक्ष में भारत की प्रगति सामान्य नागरिकों का जीवन आसान बना रही है।

About The Author: News Desk