इंडि गठबंधन ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा की

खरगे ने कहा- 'यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है'

Photo: IndianNationalCongress FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडि गठबंधन ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बी सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया गया है।

बता दें कि सुदर्शन रेड्डी उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश हैं। इसके अलावा, वे गोवा के पहले लोकायुक्त रहे हैं। 

खरगे ने कहा, 'सभी इंडि गठबंधन दलों ने एक साझा उम्मीदवार रखने का फैसला किया है। यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है।'

उन्होंने कहा, 'मुझे खुशी है कि सभी विपक्षी दल एक नाम पर सहमत हुए हैं। यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।'

रेड्डी का मुकाबला राजग उम्मीदवार एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से होगा।

आंध्र प्रदेश के रंगारेड्डी ज़िले में जन्मे रेड्डी ने वर्ष 1971 में अपना कानूनी करियर शुरू किया था। उन्होंने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में वकालत की। इसके बाद वर्ष 1995 में उन्हें उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। बाद में वर्ष 2005 में गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किए गए।

उन्हें जनवरी 2007 में उच्चतम न्यायालय में नियुक्त किया गया। वे जुलाई 2011 में अपनी सेवानिवृत्ति तक वहां कार्यरत रहे। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद गोवा के पहले लोकायुक्त का कार्यभार संभाला था।

About The Author: News Desk