न्यूयॉर्क/दक्षिण भारत। पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने भारत विरोधी बयान दोहराते हुए कहा है कि कश्मीर पाकिस्तान की 'गले की नस' है।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने यह टिप्पणी फ्लोरिडा के टाम्पा में पाकिस्तानी प्रवासियों को संबोधित करते हुए की। वे इस समय अमेरिका की यात्रा पर हैं।
बता दें कि पहलगाम हमले से कुछ हफ़्ते पहले, मुनीर ने कहा था कि पाकिस्तान कश्मीर के मुद्दे को नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा था, 'यह हमारी गले की नस है।' उनकी टिप्पणियों को भारत ने ख़ारिज कर दिया था।
विदेश मंत्रालय ने कहा था, 'कोई विदेशी चीज कैसे गले की नस बन सकती है? यह भारत का एक केंद्र शासित प्रदेश है। पाकिस्तान के साथ इसका एकमात्र संबंध उसके द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए क्षेत्रों को खाली करना है।'
अपने संबोधन में मुनीर ने कहा कि भारत के साथ हाल के संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने 'दृढ़ता और बलपूर्वक' जवाब दिया और इस्लामाबाद ने यह स्पष्ट कर दिया कि किसी भी भारतीय आक्रमण का जवाब दिया जाएगा।
पाकिस्तानी सेना ने एक बयान में कहा कि मुनीर अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर हैं और उन्होंने वरिष्ठ राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के साथ-साथ पाकिस्तानी प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ उच्च स्तरीय बातचीत की है।
पाकिस्तानी समुदाय को दिए अपने भाषण के मुख्य अंशों के अनुसार, मुनीर ने कहा कि कश्मीर भारत का आंतरिक मामला नहीं, बल्कि एक अधूरा अंतरराष्ट्रीय एजेंडा है। जैसा कि कायदे-आज़म ने कहा था, कश्मीर पाकिस्तान की 'गले की नस' है।
मुनीर ने कहा कि डेढ़ महीने के अंतराल के बाद उनकी यह दूसरी अमेरिका यात्रा पाकिस्तान-अमेरिका संबंधों में एक नया आयाम स्थापित करती है। उन्होंने आगे कहा कि इन यात्राओं का उद्देश्य संबंधों को रचनात्मक, टिकाऊ और सकारात्मक दिशा में ले जाना है।