वियतनाम का थोई सोन द्वीप

यह द्वीप टियेन नदी के निचली तरफ करीब 1200 हेक्टेयर भूभाग में फैला है

नाविक के साथ कुछ दूर तक आप स्वयं भी नाव चला सकते हैं

.. श्रीकांत पाराशर ..

यों देखा जाए तो पूरा वियतनाम ही हरा-भरा, प्राकृतिक सौंदर्य से लबालब मनोरम देश है, जहां की प्रगति में आधुनिक विकास भी साथ साथ स्पष्ट दिखाई देता है परंतु यहां के ग्रामीण परिवेश की झलक देखने के इच्छुक लोग यहां मेकोंग डेल्टा में स्थित अनेक द्वीपों की यात्रा कर सकते हैं। हमने थोई सोन द्वीप को चुना जिसे युनीकोर्न द्वीप के नाम से भी जाना जाता है। 

मेकोंग नदी कंबोडिया-वियतनाम सीमा पर वियतनाम में प्रवेश करती है और इसका नाम टियेन नदी (या टीन नदी) पड़ जाता है, जो लगभग 150 किमी लंबी है। यह वियतनाम के दक्षिणी हिस्से में स्थित है जो कृषि अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। यहां चावल का उत्पादन होता है। यहां का चावल अपने स्वाद के लिए विश्व भर में मशहूर है।

थोई सोन द्वीप टियेन नदी के निचली तरफ करीब 1200 हेक्टेयर भूभाग में फैला है। माइथो नामक शहर से नाव द्वारा 20 मिनट की यात्रा से यहां पहुंचा जा सकता है। यहां पहुंचने पर शहद वाली चाय से आपका स्वागत किया जाता है। यहां प्रत्येक नाव को एक महिला व एक पुरुष चलाता है। हर नाव में पांच यात्री यात्रा का आनंद ले सकते हैं। नाविक के साथ कुछ दूर तक आप स्वयं भी नाव चला सकते हैं। 

यहां हरे भरे पेड़ों और बहते हुए पानी के बीच थोई सोन द्वीप नामक अलग ही गांव बसा है जहां लगभग 6000 लोग सामूहिक रूप से रहते हैं। बहुत सारी नाव हैं जिन पर पर्यटकों को नदी में भ्रमण कराया जाता है। बहुत बड़ा क्षेत्र बाजार के रूप में विकसित किया गया है जहां आप खरीददारी कर सकते हैं, रेस्तरां की तरह व्यंजनों का स्वाद चख सकते हैं। 

यहां महिला-पुरुष सब कामकाज में जुटे रहते हैं। युवतियां पारंपरिक वियतनामी गीत-संगीत से पर्यटकों का स्वागत करती हैं। यहां कुटीर उद्योग व सहकारिता की झलक देखने को मिलती है। पर्यटक यहां से शहद के अलावा हाथ से बनी शिल्पकला की विभिन्न वस्तुएं खरीद कर ले जाते हैं। इसके अलावा कृषि यहां के लोगों की आय का साधन है।

About The Author: News Desk