ऑपरेशन सिंदूर: मोदी बोले- 'आतंकवादियों के आकाओं के घरों को 22 मिनट में जमींदोज किया गया'

मानसून सत्र की शुरुआत के अवसर पर प्रधानमंत्री का संबोधन

Photo: narendramodi FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के अवसर पर सोमवार को संबोधित करते हुए कहा कि मानसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है। अब तक की खबरों के मुताबिक देश में मौसम बहुत ही अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है। कृषि के लिए लाभदायक मौसम की खबरें हैं। बारिश, किसानों की अर्थव्यवस्था, देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और हर परिवार की अर्थव्यवस्था में महत्त्वपूर्ण होती है। पिछले 10 वर्षों में इस बार 3 गुना पानी का भंडार हुआ है, जिसका आने वाले दिनों में भी देश के अर्थतंत्र को बहुत लाभ होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मानसून सत्र राष्ट्र के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण सत्र है। यह मानसून राष्ट्र के लिए विजयोत्सव का रूप है। पहली बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत का तिरंगा का लहराना हर देशवासी के लिए गौरव का पल है। देश में विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार के प्रति नई उमंग और उत्साह भरने वाली यह सफल यात्रा रही है। दोनों सदन और देशवासी जिस गौरव का अनुभव कर रहे हैं, उसमें एक स्वर से जुड़ेंगे और इसका यशगान होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति का रूप देखा है। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना द्वारा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया गया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों के आकाओं के घरों को 22 मिनट के भीतर जमींदोज कर दिया गया। मेड इन इंडिया सैन्य शक्ति के इस नए स्वरूप की ओर दुनिया काफी आकर्षित हुई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब सदन इस विजयोत्सव को एक स्वर में इस सत्र के दौरान उन ओजस्वी-तेजस्वी भावनाओं को प्रकट करेगा, तो भारत की सैन्य शक्ति को बल मिलेगा, प्रोत्साहन मिलेगा, देशवासियों को प्रेरणा मिलेगी। सैन्य क्षेत्र में जो रिसर्च, इनोवेशन और मैन्युफैक्चरिंग हो रहे हैं, 'मेड इन इंडिया' डिफेंस इक्विपमेंट बन रहे हैं, उसे भी बल मिलेगा। यह भारत के नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से लंबे अरसे तक, देश कई प्रकार की हिंसक घटनाओं का शिकार रहा है, लेकिन आज माओवाद, नक्सलवाद का दायरा बहुत तेजी से सिमट रहा है। माओवाद, नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के संकल्प के साथ देश के सुरक्षा बल एक नए आत्मविश्वास से तेज गति से सफलता की ओर कदम रख रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं गर्व से कह सकता हूं, देश में सैकड़ों जिले नक्सल की चपेट से निकलकर मुक्ति की सांस ले रहे हैं। बम, बंदूक और पिस्तौल के सामने हमारे देश का संविधान जीत रहा है। कल तक जो रेड कॉरिडोर थे, वो आज ग्रीन ग्रोथ में परिवर्तित होते नजर आ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2014 से पहले देश में एक समय ऐसा भी था जब मुद्रास्फीति दर दोहरे अंक में में हुआ करती थी। आज, यह दर घटकर लगभग दो प्रतिशत रह गई है, जिससे देश के आम लोगों के जीवन में राहत और सुविधा आई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब साल 2014 में आप सभी ने हमें जिम्मेदारी दी थी, तब देश 'नाजुक पांच' के दौर से गुजर रहा था। साल 2014 से पहले, हम वैश्विक अर्थव्यवस्था में 10वें नंबर पर थे। आज भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहलगाम में हुए क्रूर अत्याचार और नरसंहार ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। दलगत स्वार्थों को दरकिनार करते हुए, देशहित में, हमारी अधिकांश पार्टियों के प्रतिनिधियों ने दुनिया के कई देशों में जाकर एक स्वर में, दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब करने का एक बेहद सफल अभियान चलाया। मैं उन सभी सांसदों, सभी दलों की सराहना करना चाहता हूं, जिन्होंने राष्ट्रहित में इस महत्त्वपूर्ण कार्य को अंजाम दिया है और इससे देश में एक सकारात्मक माहौल बना है।

About The Author: News Desk