बेंगलूरु/दक्षिण भारत। यहां राजनकुंटे के आदिविश्वनाथपुरम् स्थित विश्व जागृति मिशन के श्रीधाम आश्रम में रविवार का दिन गुरु भक्तों के लिए खास अवसर था। लाखों भक्तों के प्रेरणास्रोत श्री सुधांशुजी महाराज का यहां आगमन हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने गुरुदेव का स्वागत किया।
श्रीधाम स्थित शिवालय में पूजा अर्चना के उपरांत अमृत ज्ञान वर्षा का आयोजन हुआ। सुधांशुजी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि हर व्यक्ति के साथ जीवन भर चुनौती और समस्या बनी रहती है उन सबको पार करने के लिए सद्गुरु की शरण में जाने को कहा। जीवन को आनंदपूर्ण बनाकर धर्म की क्षेत्र में सेवा करते हुए यापन करने वाले व्यक्ति के ऊपर गुरु और भगवान की कृपा हमेशा बनी रहती है। भक्ति से जुड़ने के लिए सरल और बहुत ही सच्चे तरीके बताए।
उन्होंने कहा कि कोई भी सफलता ईश्वर के बिना संभव नहीं है। ईश्वर की भक्ति से ही भक्त का कल्याण होता है। जिसके लिए सद्गुरु की प्रेरणा जरूरी होती है। गुरु एक उचित दिशा दिखाता है जिससे व्यक्ति उत्तरोत्तर प्रगति करता रहता है।
सदगुरुदेव श्री सुधांशु जी महाराज को सुनने यहां शहर के कोने-कोने से आए गुरु शिष्यों ने सद्गुरु के समीप्य बैठकर उनके मुखारविंद से बह रही अमृत सन्देश को सुनकर खुद को नेक व्यक्ति बनकर धर्म का कार्य करते हुए जीवन यापन करने के संकल्प दोहराए।
कार्यक्रम का समापन गुरु दर्शन, पादुका पूजन एवं महाआरती के साथ सम्पन्न हुआ। विश्व जागृति मिशन के अध्यक्ष आदित्य टांटिया ने बताया कि अमृत ज्ञान वर्षा के इस चार दिवसीय इस कार्यक्रम में अनेक लोगों का सहयोग प्राप्त हुआ। उन सभी के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं का उन्होंने उत्साहवर्धन किया जिनकी मदद से यह कार्यक्रम सुन्दर तरीके से सम्पन्न हुआ।