मुंबई/दक्षिण भारत। रिलायंस रिटेल ने शुक्रवार को केल्विनेटर के अधिग्रहण की घोषणा की। इससे भारत के तेजी से बढ़ते उपभोक्ता क्षेत्र में इसकी स्थिति और मजबूत होगी। कंपनी ने कहा कि यह अधिग्रहण, देशभर में उपभोक्ताओं के लिए रिलायंस रिटेल की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उसने कहा कि केल्विनेटर एक सदी से भी ज्यादा समय से विश्वास और नवाचार का पर्याय बना हुआ है। यह ब्रांड घरेलू उपयोग के लिए इलेक्ट्रिक रेफ्रिजरेशन में वैश्विक स्तर पर अग्रणी रहा है। भारत में, इसने 1970 और 80 के दशक में अपनी यादगार टैगलाइन 'द कूलेस्ट वन' के साथ प्रतिष्ठित दर्जा हासिल किया था।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, 'हमारा मिशन हमेशा से टेक्नोलॉजी को सुलभ, सार्थक और भविष्य के लिए तैयार बनाकर हर भारतीय की विभिन्न जरूरतों को पूरा करना रहा है।'
उन्होंने कहा, 'केल्विनेटर का अधिग्रहण एक महत्त्वपूर्ण लम्हा है, जो हमें भारतीय उपभोक्ताओं के लिए विश्वसनीय वैश्विक नवाचारों की अपनी पेशकश का व्यापक विस्तार करने में सक्षम बनाता है। यह हमारे बेजोड़ पैमाने, व्यापक सेवा क्षमताओं और बाज़ार में अग्रणी वितरण नेटवर्क द्वारा सशक्त रूप से समर्थित है।'