Dakshin Bharat Rashtramat

अहमदाबाद हादसे पर जताया दु:ख, कुछ समय बाद ही करिश्मा के पूर्व पति की मौत

मशहूर पोलो खिलाड़ी थे संजय

अहमदाबाद हादसे पर जताया दु:ख, कुछ समय बाद ही करिश्मा के पूर्व पति की मौत
Photo: @sunjaykapur X account

लंदन/दक्षिण भारत। मशहूर पोलो खिलाड़ी एवं अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का गुरुवार को ब्रिटेन में निधन हो गया। वे 53 साल के थे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, संजय पोलो खेल रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे मैदान से बाहर चले गए थे।

बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा और दम तोड़ दिया। संजय कपूर पोलो खिलाड़ी होने के अलावा मशहूर उद्योगपति भी थे। उन्होंने साल 2003 में अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की थी। उनके दो बच्चे बेटी समायरा और बेटा कियान भी हुए, लेकिन पति-पत्नी में अनबन के चलते रिश्ता टूट गया। इसके बाद उन्होंने प्रिया सचदेव को हमसफ़र बनाया था। 

कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह दावा किया जा रहा है कि संजय ने पोलो खेलते हुए मधुमक्खी निगल ली थी। उसने उनके गले में डंक मारा, जिससे दिल का दौरा पड़ा। उनके निधन से खेल और उद्योग जगत में शोक की लहर है।

बता दें ​कि संजय ने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले अमदाबाद विमान हादसे पर दु:ख जताया था। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था, 'अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे की खबर दु:खद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे।'

इसके कुछ समय बाद संजय भी यह दुनिया छोड़कर चले गए। उनके निधन पर लोगों ने कहा कि ज़िंदगी अनिश्चितताओं से भरी हुई है। अहमदाबाद की घटना पर दु:ख जता रहे संजय को भी नहीं पता था कि उनकी ज़िंदगी का सफर भी यहीं तक है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture