कोच्चि/दक्षिण भारत। भारतीय खाद्य निगम के मंडल कार्यालय में बुधवार को वार्षिक कार्यक्रम और हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता मंडल प्रबंधक श्रेयांस कुमार ने की। इसमें 10 अधिकारी एवं 16 कर्मचारी मौजूद थे।
प्रार्थना गीत के साथ कार्यशाला का शुभारंभ होने के बाद प्रबंधक (राजभाषा) ने हिंदी कार्यशाला के महत्त्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन हर तिमाही में किया जा रहा है, जिसका मकसद राजभाषा से संबंधित गतिविधियों से परिचित करवाना और अपने कार्यालय में अनुपालन कराना है।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में सहायक (राजभाषा) राज किशोर पंडित ने विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसके दूसरे सत्र में प्रबंधक (राजभाषा) षीजामोल केएस ने अनुभागों द्वारा तिमाही प्रगति रिपोर्ट भरने एवं कंप्यूटर पर हिंदी में टंकण करने की प्रक्रिया पर चर्चा की। साथ ही, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभ्यास करवाया।
कार्यशाला के तीसरे एवं अंतिम सत्र में ई-ऑफिस के जरिए हिंदी में कामकाज करने में सहजता लाने वाले आईटी टूल्स के बारे में जानकारी दी गई। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला संपन्न हुई।