Dakshin Bharat Rashtramat

'सन ऑफ सरदार' और 'जय हो' के अभिनेता मुकुल देव का निधन

कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी

'सन ऑफ सरदार' और 'जय हो' के अभिनेता मुकुल देव का निधन
Photo: thereal_mukuldev Instagram account

मुंबई/दक्षिण भारत। अभिनेता मुकुल देव का निधन हो गया। वे 54 वर्ष के थे। उन्हें 'सन ऑफ सरदार', 'यमला पगला दीवाना' और 'जय हो' जैसी फिल्मों में भूमिकाओं के लिए जाना जाता है।

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, पारिवारिक सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है। मौत के कारण और परिस्थितियों के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है।

बता दें कि मुकुल देव का जन्म 17 सितंबर, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। उनका परिवार जालंधर के पास एक गांव से है। उनकी शिक्षा दिल्ली में हुई थी। मुकुल के पिता हरि देव सहायक पुलिस आयुक्त थे, जिन्हें पंजाबी, पश्तो, फ़ारसी, हिंदी, अंग्रेजी समेत कई भाषाओं का ज्ञान था। उनका साल 2019 में निधन हो गया।

जब मुकुल 8वीं कक्षा के छात्र थे तो उन्होंने दूरदर्शन द्वारा आयोजित नृत्य कार्यक्रम में माइकल जैक्सन का अभिनय कर इनाम जीता था। इसके बाद वे अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ते गए। उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से पायलट का प्रशिक्षण लिया था।

मुकुल देव ने साल 1996 में धारावाहिक 'मुमकिन' में विजय पांडे की भूमिका निभाई थी। उन्होंने उसी साल फिल्म 'दस्तक' में एसीपी रोहित मल्होत्रा ​​की भूमिका निभाकर फिल्मी सफर की शुरुआत की थी।  उन्हें 'यमला पगला दीवाना' में भूमिका के लिए 7वां अमरीश पुरी अवॉर्ड भी मिला था।

About The Author: News Desk

News Desk Picture