Dakshin Bharat Rashtramat

असम: हिमंत बिस्वा सरमा की सख्ती, 'राष्ट्र विरोधी' गतिविधियों के आरोप में अब तक 71 लोग गिरफ्तार

असम पुलिस डिजिटल स्पेस पर कड़ी नजर रख रही है

असम: हिमंत बिस्वा सरमा की सख्ती, 'राष्ट्र विरोधी' गतिविधियों के आरोप में अब तक 71 लोग गिरफ्तार
Photo: @himantabiswa X account

गुवाहाटी/दक्षिण भारत। पहलगाम आतंकी हमले के बाद असम में कथित तौर पर 'राष्ट्र विरोधी' गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसके बाद अब तक गिरफ्तार किए गए ऐसे लोगों की कुल संख्या 71 हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कोकराझार, ग्वालपाड़ा और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिलों से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि 71 'राष्ट्र विरोधी' अब सलाखों के पीछे हैं! उन्नीस मई के 10.30 बजे तक का अपडेट: कोकराझार पुलिस ने रूपसान अली को गिरफ्तार किया है। गोलपाड़ा पुलिस ने रोशीद मोंडोल उर्फ ​​अब्दुर रोशीद को गिरफ्तार कर लिया है। सलमारा पुलिस ने राजू शेख को गिरफ्तार कर लिया है। असम पुलिस डिजिटल स्पेस पर कड़ी नजर रख रही है।

सोशल मीडिया पोस्ट करने पर प्रोफेसर गिरफ्तार

वहीं, हरियाणा के एक अशोका विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रमुख अली खान महमूदाबाद को ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के लिए देश की संप्रभुता और अखंडता को खतरे में डालने सहित कड़े आरोपों पर दो एफआईआर दर्ज करने के बाद रविवार को गिरफ्तार किया गया।

उसके वकील ने बताया कि एसोसिएट प्रोफेसर को अदालत में पेश किया गया और हरियाणा राज्य महिला आयोग की शिकायत पर दर्ज मामले में उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब कुछ दिन पहले ही आयोग ने उनकी टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए उन्हें नोटिस भेजा था। हालांकि महमूदाबाद ने कहा था कि उनकी टिप्पणियों को गलत समझा गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अपने मौलिक अधिकार का प्रयोग किया है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture