Dakshin Bharat Rashtramat

आरएसएस मुख्यालय पर हमले का मुख्य साजिशकर्ता रजाउल्लाह पाकिस्तान के सिंध में ढेर

अज्ञात बंदूकधारियों ने मार गिराया

आरएसएस मुख्यालय पर हमले का मुख्य साजिशकर्ता रजाउल्लाह पाकिस्तान के सिंध में ढेर
Photo: ISPR

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी रजाउल्लाह निजामनी उर्फ ​​अबू सैउल्लाह, जो साल 2006 में आरएसएस मुख्यालय पर हमले का मुख्य साजिशकर्ता था, को रविवार को पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने मार गिराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

अधिकारियों ने बताया कि निजामनी को पाकिस्तान सरकार द्वारा सुरक्षा दी गई थी। वह आज दोपहर सिंध के मतली स्थित अपने आवास से निकला था। एक क्रॉसिंग के पास हमलावरों ने उसे गोली मार दी।

नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय पर हमले की साजिश रचने के अलावा, लश्कर का यह आतंकवादी साल 2005 में बेंगलूरु में भारतीय विज्ञान संस्थान पर हमले और साल 2001 में रामपुर में सीआरपीएफ शिविर पर आतंकी हमले में भी शामिल था।

बलोचिस्तान में चार फौजियों की मौत

रणनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) मार्ग पर अशांत बलोचिस्तान प्रांत के खुजदार जिले में स्थित चेक पोस्ट पर आतंकवादियों के हमले में चार फौजी मारे गए।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नकाबपोश बंदूकधारियों ने शनिवार शाम जिले के नाल इलाके में चेक पोस्ट पर हमला किया और मौके से फरार हो गए।

हालांकि किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों का मानना ​​है कि यह हमला बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) द्वारा किया गया है, जिसे खनिज समृद्ध प्रांत में बढ़ती आतंकवादी गतिविधियों के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture