Dakshin Bharat Rashtramat

कर्नाटक: सशस्त्र बलों के लिए मंदिरों में विशेष प्रार्थना करेगी भाजपा

ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी से देशभर में खुशी की लहर है

कर्नाटक: सशस्त्र बलों के लिए मंदिरों में विशेष प्रार्थना करेगी भाजपा
Photo: BYVijayendra FB Page

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक भाजपा 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर सशस्त्र बलों पर कृपा के लिए राज्यभर के मंदिरों में विशेष प्रार्थना करेगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येडीयुरप्पा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गुरुवार को यहां एक मंदिर में पूजा-अर्चना की।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले के बाद आतंकवादियों का खत्मा करने तथा उनके ठिकानों को नष्ट करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया।

विजयेंद्र ने कहा, 'हमने भारत की सफलता और हमारे सशस्त्र बलों की मजबूती के लिए भगवान से प्रार्थना की है। पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है, क्योंकि आतंकवाद सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। इसने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। हमने आतंकवाद के खात्मे के लिए प्रार्थना की है।'

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने सभी जिलों और तालुकों में अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से आज और कल राज्यभर के मंदिरों में विशेष पूजा करने को कहा है।'

इस बीच, धर्मस्व मंत्री रामलिंगा रेड्डी के निर्देश पर, सशस्त्र बलों के लिए कर्नाटक हिंदू धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी मंदिरों में विशेष प्रार्थना का आयोजन किया जा रहा है।

धार्मिक बंदोबस्ती विभाग आयुक्त ने इस संबंध में एक परिपत्र भी जारी किया है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture