भारत के सख्त तेवर देखकर पाकिस्तानी राजनीतिक दलों ने बंद कमरे में ब्रीफिंग में भाग लिया

पाकिस्तान में घबराहट का माहौल है

Photo: ISPR

इस्लामाबाद/दक्षिण भारत। पाकिस्तान के नागरिक और सैन्य नेतृत्व ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर भारत के साथ तनाव के बारे में देश के राजनीतिक दलों को जानकारी दी है।

डॉन अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों ने रविवार को बंद कमरे में हुई ब्रीफिंग में भाग लिया।

अखबार ने ब्रीफिंग से जुड़े एक सूत्र के हवाले से बताया कि राजनीतिक नेताओं ने संकल्प लिया कि यदि भारत की ओर से कोई कठोर कार्रवाई की जाती है तो वे इसका जवाब देंगे।

यह ब्रीफिंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी और सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार द्वारा दी गई।

सूत्र ने कहा कि राजनीतिक दलों का मानना ​​है कि वे क्षेत्रीय शांति को बिगाड़ने के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए सशस्त्र बलों के साथ खड़े हैं।

ब्रीफिंग से पहले, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत के साथ तनाव के मद्देनजर राजनीतिक ताकतों से फीडबैक प्राप्त करना था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रतिभागियों को सशस्त्र बलों की तैयारियों से भी अवगत कराया गया।

About The Author: News Desk