Dakshin Bharat Rashtramat

रूसी मीडिया में भी भारत के सख्त रुख की चर्चा, सर्जिकल स्ट्राइक करने की संभावना जताई

भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दिया

रूसी मीडिया में भी भारत के सख्त रुख की चर्चा, सर्जिकल स्ट्राइक करने की संभावना जताई
Photo: Indianarmy.adgpi FB Page

मास्को/दक्षिण भारत। पहलगाम हमले के बाद भारत ने जिस तरह सख्त रुख अपनाया है, उसकी चर्चा रूसी मीडिया में भी है। आरटी.कॉम की एक ख़बर के अनुसार, भारतीय सेना ने लगातार सातवें दिन भी नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर अकारण गोलीबारी कर रहे पाकिस्तानी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

खबर में बताया गया कि जारी गोलीबारी से निपटने के प्रयास में भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने बुधवार को बातचीत की थी। भारतीय डीजीएमओ ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष को नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन के संबंध में कड़ी चेतावनी दी।
 
खबर के अनुसार, एलओसी पर गोलीबारी पिछले हफ़्ते केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की पृष्ठभूमि में हुई है, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। उनमें ज़्यादातर पर्यटक थे। इस्लामाबाद ने इस हमले में अपनी किसी भूमिका से इन्कार किया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के प्रमुखों से कह दिया है कि उन्हें भारत की प्रतिक्रिया के दृष्टिकोण, लक्ष्य और समय को निर्धारित करने के लिए पूर्ण परिचालन स्वतंत्रता है।

कई पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा है कि भारत की ओर से उनके देश पर हमला किया जाना तय है। सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने एक्स पर लिखा, 'पाकिस्तान के पास विश्वसनीय खुफिया जानकारी है कि भारत अगले 24 से 36 घंटों के भीतर ... सैन्य हमला करने का इरादा रखता है।'

आरटी.कॉम ने भारतीय सेना के एक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल का जिक्र करते हुए लिखा कि भारत आतंकवादियों पर हमला करने के लिए संभवतः सर्जिकल स्ट्राइक करेगा, लेकिन पूर्ण युद्ध की दहलीज पार करने की संभावना नहीं है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture