Dakshin Bharat Rashtramat

झारखंड: बोकारो जिले में मुठभेड़, 8 नक्सली ढेर

लुगु हिल्स में सुबह करीब 5.30 बजे गोलीबारी हुई

झारखंड: बोकारो जिले में मुठभेड़, 8 नक्सली ढेर
Photo: PixaBay

रांची/दक्षिण भारत। झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार सुबह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा कमांडो और पुलिस के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के लालपनिया इलाके के लुगु हिल्स में सुबह करीब साढ़े पांच बजे गोलीबारी शुरू हुई।

अधिकारियों ने बताया कि 209 कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन (कोबरा) के जवानों ने अभियान चलाया, जिसमें आठ नक्सली मारे गए और एक एके सीरीज राइफल, तीन इंसास राइफल, एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), आठ देसी बंदूकें और एक पिस्तौल जब्त की गईं।

उन्होंने बताया कि किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की खबर नहीं है। कोबरा सीआरपीएफ की विशेष जंगल युद्ध इकाई है। यह ऑपरेशन केंद्र सरकार की मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने की घोषणा का हिस्सा है।

अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार शाम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक स्थित कार्यालय में मुलाकात करेंगे और राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों तथा संबंधित विषयों की व्यापक समीक्षा करेंगे।

इस वर्ष छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 140 से ज्यादा माओवादी मारे गए हैं। सुरक्षा अधिकारी इसे देश में वामपंथी उग्रवाद का ‘अंतिम गढ़’ कहते हैं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture