Dakshin Bharat Rashtramat

इतने वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था जर्मनी और जापान की अर्थव्यवस्थाओं से बड़ी हो जाएगी!

फिलहाल भारतीय अर्थव्यवस्था 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है

इतने वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था जर्मनी और जापान की अर्थव्यवस्थाओं से बड़ी हो जाएगी!
भारत की अर्थव्यवस्था का आकार वर्तमान में 4.3 ट्रिलियन डॉलर है

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने गुरुवार को कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था अगले तीन वर्षों में जर्मनी और जापान से बड़ी हो जाएगी और साल 2047 तक यह दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकती है।

यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत दुनिया के लिए शिक्षा का केंद्र बन सकता है, क्योंकि अन्य सभी चीजों को अलग रखते हुए इसका सबसे बड़ा लाभ इसका लोकतंत्र है।

उन्होंने कहा, 'फिलहाल भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। अगले साल के आखिर तक हम चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो जाएंगे। उसके बाद के वर्ष में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो जाएंगे।'

आईएमएफ के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था का आकार वर्तमान में 4.3 ट्रिलियन डॉलर है।

उन्होंने कहा, 'हम तीन साल में जर्मनी और जापान से भी बड़े हो जाएंगे। साल 2047 तक हम दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था (30 ट्रिलियन डॉलर) हो सकते हैं।'

सुब्रह्मण्यम ने कानूनी फर्मों और लेखा फर्मों सहित भारतीय कंपनियों से विश्व में अग्रणी बनने की आकांक्षा रखने का आग्रह किया।

नीति आयोग के सीईओ ने कहा कि मध्यम आय वाले देशों की समस्याएं निम्न आय वाले देशों की समस्याओं से बहुत भिन्न हैं।

उन्होंने कहा, 'इसका संबंध गरीबों को भोजन कराने या कपड़े पहनाने से नहीं है। इसका संबंध इस बात से है कि आप ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था कैसे बनें।'

सुब्रह्मण्यम ने बताया कि दुनिया ने कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी है, जहां जनसंख्या घटेगी।

About The Author: News Desk

News Desk Picture