Dakshin Bharat Rashtramat

साल 2029 के बाद भी प्रधानमंत्री बने रहेंगे मोदी: देवेंद्र फडणवीस

मोदी इस साल सितंबर में 75 वर्ष के हो जाएंगे

साल 2029 के बाद भी प्रधानमंत्री बने रहेंगे मोदी: देवेंद्र फडणवीस
Photo: devendra.fadnavis FB Page

मुंबई/दक्षिण भारत। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साल 2029 के बाद भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे और उनके उत्तराधिकारी पर चर्चा का कोई सवाल ही नहीं है।

फडणवीस का यह बयान शिवसेना नेता संजय राउत के पिछले महीने के दावे के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी यह संदेश देने के लिए नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय गए थे कि वे ‘सेवानिवृत्त’ हो रहे हैं।

मोदी के उत्तराधिकारी के बारे में नागपुर में की गई उनकी पूर्व टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने मंगलवार को कहा, 'मैंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराधिकारी के बारे में सोचने का यह सही समय नहीं है, क्योंकि साल 2029 में मोदी फिर से प्रधानमंत्री होंगे।'

वे मुंबई में इंडिया ग्लोबल फोरम को संबोधित कर रहे थे।

राउत ने दावा किया था कि मोदी 30 मार्च को आरएसएस मुख्यालय गए थे और सितंबर में अपनी सेवानिवृत्ति का आवेदन पत्र लिखा। उनका इशारा भाजपा के कुछ नेताओं की ओर था जो 75 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त हो जाते हैं।

प्रधानमंत्री के रूप में अपने तीसरे कार्यकाल में मोदी इस साल सितंबर में 75 वर्ष के हो जाएंगे।

About The Author: News Desk

News Desk Picture