मुंबई/दक्षिण भारत। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि हर किसी का मानना है कि छत्रपति संभाजीनगर में मुगल बादशाह औरंगजेब का मकबरा हटा दिया जाना चाहिए, लेकिन यह कानून के दायरे में किया जाना चाहिए, क्योंकि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस स्थल को एएसआई के संरक्षण में रखा था।
फडणवीस शनिवार रात यहां एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज और सतारा से भाजपा सांसद उदयनराजे भोसले ने छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग की थी।
भोसले की मांग के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, 'हम सभी भी यही चाहते हैं, लेकिन आपको इसे कानून के दायरे में करना होगा, क्योंकि यह एक संरक्षित स्थल है। इस स्थल को कुछ साल पहले कांग्रेस शासन के दौरान एएसआई के संरक्षण में रखा गया था।'
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र से समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी द्वारा मुगल बादशाह औरंगजेब की प्रशंसा में की गई टिप्पणी से हाल ही में विवाद खड़ा हो गया था।
पिछले सप्ताह औरंगजेब की प्रशंसा करने वाले बयान के कारण आजमी को 26 मार्च को बजट सत्र की समाप्ति तक महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित कर दिया गया था।