मुंबई/दक्षिण भारत। सत्तारूढ़ महायुति के सदस्यों ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी को महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित करने और मुगल सम्राट औरंगजेब की प्रशंसा करने के लिए उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।
इस मुद्दे पर हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कई बार बाधित होने के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई, क्योंकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित अन्य सदस्य आजमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्यों ने दावा किया कि आज़मी औरंगजेब के वंशज हैं, जिसने मराठा राजा छत्रपति संभाजी महाराज को प्रताड़ित किया और उनकी बेरहमी से हत्या कर दी थी।
मुंबई पुलिस ने विधायक अबू आजमी के खिलाफ औरंगजेब की प्रशंसा करने वाली टिप्पणी को लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
लोकसभा सदस्य नरेश म्हस्के की शिकायत पर पड़ोसी ठाणे में पुलिस ने सोमवार को आज़मी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी।