Dakshin Bharat Rashtramat

हमने देश के सामान्य परिवारों और किसानों को ऊर्जादाता बनाया है: मोदी

विकसित भारत के लिए अगले दो दशक बहुत महत्त्वपूर्ण हैं

हमने देश के सामान्य परिवारों और किसानों को ऊर्जादाता बनाया है: मोदी
Photo: BJP X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भारत ऊर्जा सप्ताह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले दशक में भारत 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से बढ़कर 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। हमारी सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 32 गुना वृद्धि हुई है। आज भारत तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक देश है। इसके अलावा, हमारी गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा क्षमता तीन गुनी हो गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ऊर्जा सप्ताह में देश और दुनियाभर से यहां, यशोभूमि में जुटे सभी साथियों को नमस्कार। आप सभी सिर्फ ऊर्जा सप्ताह का हिस्साभर नहीं हैं। आप भारत की ऊर्जा महत्वाकांक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं। दुनिया का हर विशेषज्ञ आज कह रहा है कि 21वीं सदी, भारत की सदी है। भारत अपनी ही नहीं, दुनिया की ग्रोथ को भी ड्राइव कर रहा है और इसमें हमारे ऊर्जा सेक्टर की बहुत बड़ी भूमिका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की ऊर्जा महत्वाकांक्षा पांच स्तंभों पर खड़ी है। हमारे पास संसाधन हैं। हम अपने प्रतिभाशाली दिमागों को इनोवेट करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। हमारे पास आर्थिक शक्ति है,राजनीतिक स्थिरता है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास सामरिक भूगोल है, जो ऊर्जा व्यापार को ज्यादा आकर्षक और आसान बनाती है। भारत, ग्लोबल सस्टेनेबिलिटी के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे भारत के ऊर्जा क्षेत्र में नई संभावानाएं तैयार हो रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत की जैव ईंधन उद्योग तेजी से ग्रो करने को तैयार है। हमारे पास 500 मिलियन मैट्रिक टन का टिकाऊ फीडस्टॉक है। भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन बना, जिसका लगातार विस्तार हो रहा है। 28 नेशन और 12 अंतरराष्ट्रीय संगठन जुड़ चुके हैं। ये वेस्ट को वेल्थ में ट्रांसफार्म कर रहा है और उत्कृष्टता का केंद्र सेट रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए अगले दो दशक बहुत महत्त्वपूर्ण हैं और अगले 5 वर्षों में हम कई बड़े मील के पत्थर पार करने जा रहे हैं। हमारे कई ऊर्जा लक्ष्य साल 2030 की समय सीमा के अनुरूप हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने देश के सामान्य परिवारों और किसानों को ऊर्जादाता बनाया है। बीते साल हमने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की। इस योजना का स्कोप सिर्फ ऊर्जा उत्पादन तक ही सीमित नहीं है। इससे सोलर सेक्टर में नए स्किल्स बन रहे हैं, नया सर्विस इकोसिस्टम बन रहा है और आपके लिए इनवेस्ट की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture