Dakshin Bharat Rashtramat

कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है रूस-यूक्रेन युद्ध? पुतिन ने दिए ये संकेत

रूसी राष्ट्रपति ने कहा, 'डेढ़ से दो महीने में सबकुछ खत्म हो सकता है'

कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है रूस-यूक्रेन युद्ध? पुतिन ने दिए ये संकेत
Photo: kremlin website

मास्को/दक्षिण भारत। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि 'यूक्रेन संघर्ष' कुछ हफ़्तों में खत्म हो सकता है, बशर्ते कीव को धन और गोला-बारूद से वंचित कर दिया जाए, जिस पर वह लड़ाई जारी रखने के लिए निर्भर है।

आरटी की एक रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन से रूस-यूक्रेन युद्ध को बातचीत के जरिए खत्म करने की संभावना के बारे में पूछा गया था।

पुतिन ने कहा, 'वे अपने पश्चिमी प्रायोजकों के बिना अस्तित्व में नहीं रह सकते। अगर पैसा और गोला-बारूद खत्म हो गया तो वे एक महीने भी नहीं टिक पाएंगे।'

रूसी राष्ट्रपति ने कहा, 'डेढ़ से दो महीने में सबकुछ खत्म हो सकता है। इस लिहाज से यूक्रेन के पास व्यावहारिक रूप से कोई संप्रभुता नहीं है।'

पुतिन के अनुसार, अगर कीव के पश्चिमी समर्थक वास्तव में शांति चाहते हैं तो ऐसा करना बहुत आसान है। उन्होंने आगे कहा कि मास्को ने पहले ही अपनी शर्तें बहुत स्पष्ट रूप से बता दी हैं।

पुतिन ने कहा कि कीव रूस के साथ सभी वार्ताओं पर प्रतिबंध लगाने वाले आदेश को रद्द करके बातचीत करने की अपनी इच्छा का संकेत दे सकता है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture