हरियाणा: भाजपा सांसदों ने यमुना में जहर संबंधी दावे पर केजरीवाल की गिरफ्तारी की मांग की

भाजपा सांसदों ने आम आदमी पार्टी सरकार को चुनौती दी ...

Photo: BJP4Haryana FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। हरियाणा के भाजपा सांसदों ने मंगलवार को आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की मांग की, जिन्होंने दावा किया था कि राज्य दिल्ली को पानी की आपूर्ति करने वाली यमुना नदी में 'जहर' छोड़ रहा है।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरियाणा के सभी 10 सांसदों ने कहा कि यह केजरीवाल द्वारा रची गई 'आपराधिक साजिश' का स्पष्ट मामला है, जो दिल्ली के निवासियों में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा सांसदों ने आम आदमी पार्टी सरकार को चुनौती दी कि वह दिल्ली के घरों में आपूर्ति किए जाने से पहले हरियाणा से छोड़े जाने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच करे।

भाजपा ने आरोप लगाया कि दिल्ली की हवा और पानी में जहर घोलने वाले केजरीवाल एक बार फिर चुनावी चोला पहनकर काला झूठ बोल रहा है। जिस हरियाणा की मिट्टी में जन्म लिया, आज उसी की जनता को दोषी बता रहे हैं। दिल्ली और हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी के इस षड्यंत्र को बखूबी समझ रही हैं।

भाजपा ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणावासियों को अपमानित करने और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिश ने ओबीसी समाज से आए हरियाणा के मुख्यमंत्री पर निराधार और घटिया आरोप लगाने का कार्य किया है। आज प्रदेशभर में इन दोनों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं और आमजन ने भागीदारी की।

भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली की जनता के साथ पिछले 11 वर्षों से आप-दा वाले यही काम कर रहे हैं। साल 2020 के घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। यमुना की हालत तो इन्होंने और भी बदतर कर दी है।

भाजपा ने कहा कि दिल्ली की जनता यमुना के विषैले पानी को लेकर इनसे सवाल पूछ रही है, इसलिए अब ये हरियाणावासियों पर अपनी नाकामी थोप कर बचना चाहते हैं। पांच फरवरी को दिल्ली की जनता 'आप-दा' मुक्त हो जाएगी।

भाजपा ने कहा कि घटिया और झूठ की राजनीति करने के मामले में केजरीवाल का कोई सानी नहीं है। उन्हें हरियाणा और दिल्ली की जनता से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।

About The Author: News Desk