Dakshin Bharat Rashtramat

ट्रंप ले रहे ताबड़तोड़ फैसले, इन लोगों को कर दिया माफ!

शपथ लेने के कुछ ही घंटों बाद आदेश पर हस्ताक्षर किए

ट्रंप ले रहे ताबड़तोड़ फैसले, इन लोगों को कर दिया माफ!
Photo: DonaldTrump FB Page

वॉशिंगटन डीसी/दक्षिण भारत। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2021 में कैपिटल बिल्डिंग पर हमले में शामिल लगभग 1,500 लोगों को माफ़ कर दिया है। ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार को ओवल ऑफिस में क्षमादान देने वाले एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए।

आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने 6 जनवरी, 2021 को संयुक्त राज्य अमेरिका कैपिटल में या उसके आस-पास हुईं घटनाओं से संबंधित अपराधों के लिए दोषी ठहराए गए अन्य सभी व्यक्तियों को पूर्ण, संपूर्ण और बिना शर्त क्षमा प्रदान की है।

इसके अलावा, 14 लोगों की सज़ा कम कर दी गई। ओवल ऑफ़िस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, 'हम आशा करते हैं कि वे आज रात बाहर आएँगे, स्पष्ट रूप से।'

ट्रम्प ने अटॉर्नी जनरल को दंगे से संबंधित सभी लंबित अभियोगों को खारिज करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षमादान को एक गंभीर राष्ट्रीय अन्याय को सुधारने के उपाय और राष्ट्रीय सुलह की दिशा में एक कदम बताया।

ट्रंप ने कभी भी यह स्वीकार नहीं किया कि वे साल 2020 का चुनाव बाइडन से हार गए। उन्होंने दावा किया कि उस चुनाव में धांधली हुई थी। उन्होंने 6 जनवरी के अभियुक्तों को देशभक्त और बंधक बताया, और जोर देकर कहा कि उनका अभियोजन राजनीति से प्रेरित था।

डेमोक्रेट्स ने ट्रंप पर दंगा भड़काने का आरोप लगाया था और घटना में उनकी भूमिका का हवाला देते हुए साल 2021 में उन पर महाभियोग चलाया गया था। ट्रंप ने किसी भी तरह के गलत काम से इन्कार किया है और आरोपों को '.. शिकार' करार दिया था।

About The Author: News Desk

News Desk Picture