Dakshin Bharat Rashtramat

देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

यह कार्यक्रम आजाद मैदान में आयोजित किया गया

देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
Photo: devendra.fadnavis FB Page

मुंबई/दक्षिण भारत। भाजपा विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार शाम यहां एक भव्य समारोह में महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं, एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपा नीत महायुति के हजारों समर्थक शामिल हुए। 

यह कार्यक्रम विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के करीब दो सप्ताह बाद आजाद मैदान में आयोजित किया गया। नागपुर दक्षिण पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से विधायक फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर फडणवीस को बधाई दी।

इसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार ने मुंबई में मंत्रालय में डॉ. बीआर अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी।

शपथग्रहण समारोह के बाद देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा, 'मैं खुश हूं। देवेंद्रजी ने आज तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उन्होंने लोगों की सेवा की है और भविष्य में भी ऐसा करते रहेंगे।'

About The Author: News Desk