Dakshin Bharat Rashtramat

रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने में मोदी की होगी भूमिका? पुतिन ने इन शब्दों में की तारीफ

भारत को बताया 'महाशक्ति'

रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने में मोदी की होगी भूमिका? पुतिन ने इन शब्दों में की तारीफ
Photo: narendramodi FB Page

मॉस्को/दक्षिण भारत। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को 'दशकों से स्वाभाविक साझेदार और मित्र' बताया है। उन्होंने इसे विश्व के अग्रणी देशों में शुमार किया तथा इसकी आर्थिक मजबूती और आगे विकास की संभावनाओं की सराहना की है।

वल्दाई डिस्कशन क्लब के पूर्ण अधिवेशन को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा, 'भारत को निश्चित रूप से महाशक्तियों में शामिल किया जाना चाहिए। 1.5 अरब लोग ... प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे ज्यादा विकास दर ... एक प्राचीन संस्कृति और विकास की जबर्दस्त संभावनाएं।'

स्थानीय समाचार चैनल 'आरटी' के अनुसार, पुतिन ने यह भी कहा कि ऐसे अन्य तेजी से विकासशील देश भी हैं, जो निस्संदेह समकालीन राजनीति, वैश्विक विकास और मानवता के भविष्य को प्रभावित करेंगे।

पुतिन ने यूक्रेन के साथ युद्ध को 'सुलझाने' का रास्ता तलाशने के लिए नई दिल्ली की तारीफ भी की।

पुतिन ने कहा, 'हम भारतीय नेतृत्व, खासकर प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) के विचारों का बहुत सम्मान करते हैं। वे यूक्रेन से जुड़े विवादों समेत संघर्षों के बारे में चिंता व्यक्त करते हैं और समाधान के लिए अपने विचार पेश करते हैं।'

'आरटी' के अनुसार, पुतिन ने कहा कि निश्चित रूप से, यह हमारे अधिकार क्षेत्र में है और हम निस्संदेह इन मुद्दों पर ध्यान देने के लिए, साथ ही इस संबंध में उनके प्रस्तावों और कार्यों के लिए प्रधानमंत्री के आभारी हैं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture