Dakshin Bharat Rashtramat

भारत के इस पड़ोसी देश में बाढ़ का कहर, 100 से ज्यादा लोगों की मौत

कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आने की खबर है

भारत के इस पड़ोसी देश में बाढ़ का कहर, 100 से ज्यादा लोगों की मौत
Photo: PixaBay

काठमांडू/दक्षिण भारत। नेपाल में बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या रविवार को 102 हो गई।

शुक्रवार से पूर्वी और मध्य नेपाल का बड़ा हिस्सा जलमग्न है तथा देश के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आने की खबर है।

सशस्त्र पुलिस बल सूत्रों के अनुसार, बाढ़, भूस्खलन और जलप्लावन में 64 लोग लापता हैं, जबकि 45 लोग घायल हुए हैं।

काठमांडू घाटी में सबसे अधिक 48 मौतें हुईं। कम से कम 195 घर और आठ पुल क्षतिग्रस्त हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने करीब 3,100 लोगों को बचाया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने 40-45 वर्षों में काठमांडू घाटी में इतनी विनाशकारी बाढ़ और जलप्लावन कभी नहीं देखा था।

सशस्त्र पुलिस बल ने एक बयान में कहा कि मृतकों की संख्या 102 तक पहुंच गई है। इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (आईसीआईएमओडी) के जलवायु एवं पर्यावरण विशेषज्ञ अरुण भक्त श्रेष्ठ ने कहा, 'मैंने काठमांडू में इस पैमाने पर बाढ़ पहले कभी नहीं देखी।'

आईसीआईएमओडी द्वारा शनिवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया कि शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी और मध्य नेपाल के अधिकांश हिस्सों में हुई लगातार बारिश के बाद काठमांडू की मुख्य नदी बागमती खतरे के स्तर से ऊपर बह रही है।

इसमें कहा गया है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव की प्रणाली और मानसून गर्त की सामान्य से अधिक उत्तरी स्थिति शनिवार की असाधारण तीव्र बारिश का कारण थी।

About The Author: News Desk

News Desk Picture