तिरुवनंतपुरम/दक्षिण भारत। केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने मंगलवार को कहा कि उत्तरी वायनाड जिले में हुए बड़े पैमाने पर भूस्खलन में 93 लोगों की मौत हो गई और लगभग 128 घायल हो गए।
विजयन ने बताया कि मृतकों में से 34 शवों की पहचान कर ली गई है और 18 को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जिले के पोथुकल गांव में चलियार नदी से 16 शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, खोज और बचाव अभियान चलाने वालों ने शवों के अंग भी बरामद किए हैं।
विजयन ने कहा कि पहला भूस्खलन सुबह करीब दो बजे हुआ और अगला भूस्खलन सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ, जिससे सैकड़ों लोग मलबे में फंस गए और कई लोग बह गए।
उन्होंने बताया कि भूस्खलन उस समय हुआ जब ग्रामीण सो रहे थे, जिससे बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए।
विजयन ने कहा कि जिले में 45 शिविर स्थापित किए गए हैं और लगभग 3,069 लोगों का वहां पुनर्वास किया गया है।