Dakshin Bharat Rashtramat

ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में पीएचडी कर ली: मोदी

प्रधानमंत्री ने पंजाब के होशियारपुर भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में पीएचडी कर ली: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस के साथ एक और 'भ्रष्टाचारी पार्टी' जुड़ गई है

होशियारपुर/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पंजाब के होशियारपुर भाजपा की चुनावी जनसभा 'फतेह रैली' को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज देश में आकांक्षाएं नई हैं, आज देश में उम्मीदें नई हैं, आज देश में आत्मविश्वास नया है। 

उन्होंने कहा कि दशकों बाद ऐसा समय आया है, पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार ​हैट्रिक लगाने जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वज​ह है 'विकसित भारत' का सपना। आज हर भारतीय 'विकसित भारत' के सपने के साथ ए​करूप हो गया है और इसलिए हर देशवासी हमें आशीर्वाद दे रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दमदार सरकार, जो दुश्मन के छक्के छुड़ा दे, दुश्मन को घर में घुसकर मारे, भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाए। आज जब पंजाब के लोग, दूसरे राज्यों के लोग विदेश जाते हैं, तो खुद देखते हैं कि वहां भारत और भारतीयों की इज्जत कितनी बढ़ गई है। जब देश में दमदार सरकार होती है तो विदेशी सरकारें भी हमारा दम देखती हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 10 वर्षों में हमने गरीब से गरीब को मुफ्त अनाज और मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। आज किसी भी गरीब, दलित, वंचित मां की संतान को भूखे पेट नहीं सोना पड़ता। आज किसी गरीब महिला को अपनी बीमारी छिपाने की मजबूरी नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण मेरी सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है और इसमें गुरु रविदास जी की प्रेरणा है, जो कहते थे- ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ो सब सम बसे, रैदास रहै प्रसन्न।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव की इस भागदौड़ में भी हमारी सरकार एक पल व्यर्थ नहीं कर रही है। सरकार बनते ही अगले 125 दिन में क्या होगा? इसके रोडमैप पर काम कर लिया गया है। इसमें भी 25 दिन विशेष तौर पर युवाओं के लिए रखे गए हैं। अगले पांच साल में कौनसे बड़े निर्णय लेने हैं, इसकी भी रूपरेखा खींची जा चुकी है। अगले 25 साल के विजन पर भी हमारी सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इंडि गठबंधन के स्वार्थ और वोटबैंक की राजनीति ने देश का बहुत नुकसान किया है। वोटबैंक के प्रति अपने प्यार के कारण देश के बंटवारे के समय करतारपुर साहिब पर अपना अधिकार नहीं जता पाए। यही लोग हैं, जो अपने वोटबैंक के लिए लगातार राम मंदिर का विरोध करते रहे। तुष्टीकरण की राजनीति के कारण इंडि गठबंधन सीएए का विरोध कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजकल देश के लोग इंडि गठबंधन वालों से संविधान-संविधान की रट सुन रहे हैं। ये वो लोग हैं, जिन्होंने इमरजेंसी में संविधान का गला घोंट दिया था। जब साल 1984 के दंगों में सिक्खों के गले में टायर बांधकर जलाया जा रहा था, तो इन्हें संविधान की नहीं सूझी?

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। साठ साल तक कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की जो एक से बढ़कर एक वारदातें की हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में पीएचडी कर ली है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस के साथ एक और 'भ्रष्टाचारी पार्टी' जुड़ गई है। यहां तो आमने- सामने लड़ने का ड्रामा कर रहे हैं, दिल्ली में एकसाथ चुनाव लड़ रहे थे। लोग भूले नहीं कि कट्टर भ्रष्टाचारी की पहली सरकार ​कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में बनी थी, इसलिए इन्होंने भ्रष्टाचारी कांग्रेस से भ्रष्टाचार के पाठ पढ़ लिए हैं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture