Dakshin Bharat Rashtramat

भाजपा ने दिल्ली के लोगों को परेशान करने के लिए एक नई साजिश रची है: आप

आतिशी ने कहा कि दिल्ली को यमुना जल की आपूर्ति रोकी जा रही है

भाजपा ने दिल्ली के लोगों को परेशान करने के लिए एक नई साजिश रची है: आप
Photo: AAP X Account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। आम आदमी पार्टी (आप) की नेत्री आतिशी ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता में भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि 25 मई को (दिल्ली में) मतदान से पहले भाजपा ने आप को निशाना बनाने और दिल्ली के लोगों को परेशान करने के लिए एक नई साजिश रची है।

उन्होंने कहा कि इसी साजिश के तहत भाजपा ने अपनी हरियाणा सरकार के जरिए दिल्ली को मिलने वाला पानी रोक दिया है। यह दिल्ली के लोगों को परेशान करने और यहां जल संकट पैदा करने के लिए किया गया है।

आतिशी ने कहा कि दिल्ली को यमुना जल की आपूर्ति रोकी जा रही है। जांच में पता चला है कि हरियाणा सरकार दिल्ली में यमुना का पानी रोक रही है।

उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली की जनता को सचेत करना चाहती हूं कि भाजपा की साजिश में मत फंसिए। मैं भाजपा से यह भी कहना चाहूंगी कि आप दिल्ली के लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते। वे इस बार सभी 7 सीटें इंडिया गठबंधन को देने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम तुरंत हरियाणा सरकार को लिखेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो हम अदालत के समक्ष तत्काल आवेदन भी पेश करेंगे। अगर हरियाणा सरकार को लिखे हमारे पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो हम जरूरत पड़ने पर उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

About The Author: News Desk

News Desk Picture