भारत की विविधता: सैम पित्रोदा के बयान पर क्या बोली कांग्रेस?

कांग्रेस की ओर से जयराम रमेश ने प्रतिक्रिया दी है

Photo: @INCIndia X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा द्वारा 'भारत की विविधता' के बारे में दिए गए बयान को कांग्रेस को कांग्रेस ने खारिज किया है। उसने इस बयान को अत्यंत ग़लत व अस्वीकार्य बताया है। 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर की गई एक पोस्ट में कहा कि सैम पित्रोदा द्वारा भारत की विविधताओं को जो उपमाएं दी गई हैं, वे अत्यंत ग़लत व अस्वीकार्य हैं। 

इसी पोस्ट में जयराम रमेश ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने आप को पूर्ण रूप से अलग करती है।

बता दें कि पित्रोदा ने एक साक्षात्कार में कहा कि हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एकसाथ रख सकते हैं, जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरे जैसे दिखते हैं और शायद दक्षिण के लोग अफ़्रीकी जैसे दिखते हैं।

इस बयान से विवाद खड़ा हो गया। इससे पहले, पित्रोदा ने अमेरिका में 'विरासत टैक्स' का जिक्र किया था। तब बीच-बचाव करने आए जयराम रमेश ने 'एक्स' पर बहुत ही संतुलित शब्दों का प्रयोग करते हुए सैम पित्रोदा को खुद के और दुनियाभर में कई लोगों के गुरु, मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक बताया था। उन्होंने 'विरासत टैक्स' पर पित्रोदा के बयान को उनकी निजी राय करार दिया था। 

इस बार जब पित्रोदा ने 'विविधता' पर बयान दिया तो जयराम रमेश ने सीधे-सीधे उनके शब्दों को गलत बताते हुए खारिज कर दिया।

About The Author: News Desk