'2.5 करोड़ रु. दो, ईवीएम में हेरफेर कर दूंगा' - कहने वाला गिरफ्तार

उसे ईवीएम के बारे में कोई जानकारी नहीं थी ...

Photo: ECI FB page

मुंबई/दक्षिण भारत। छत्रपति संभाजीनगर में सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने शिवसेना (यूबीटी) के एक नेता से कहा था कि वह ईवीएम में हेरफेर कर देगा। इसके लिए उसने मोटी रकम भी मांगी। 

इस संबंध में जानकारी देते हुए छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस आयुक्त मनोज लोहिया ने बताया कि जम्मू में तैनात सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया गया है। उसने ईवीएम में कथित हेरफेर के लिए शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे से 2.5 करोड़ रुपए की मांग की थी। इसके बाद उसे शहर में ही दबोच लिया गया।

बताया गया कि जवान के सिर पर कर्ज था। उसे ईवीएम के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन दानवे से पैसा ठगने के लिए वह उन्हें धोखा देने की कोशिश कर रहा था। वह एक बार पुणे में अंबादास दानवे से मिला था। 

बताया गया कि वह बुधवार को उनसे मिलने और पैसे लेने के लिए आया था। जवान को रंगे हाथों पकड़ने के लिए योजना बनाई गई। इसके तहत अंबादास दानवे ने उसे 1 लाख रुपए देने का वादा किया। इसके बाद उनके भाई ने शिकायत दर्ज कराई और जवान को गिरफ्तार कर लिया गया।

About The Author: News Desk