हरियाणा: 3 निर्दलीय विधायकों ने समर्थन वापस लिया

कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि लोगों को वर्तमान सरकार पर भरोसा नहीं है

Photo: NayabSainiOfficial FB page

चंडीगढ़/दक्षिण भारत। हरियाणा में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सामने मंगलवार को उस समय संकट खड़ा हो गया, जब तीन निर्दलीय विधायकों ने समर्थन वापस ले लिया। इनके नाम सोमबीर सांगवान, रणधीर सिंह गोलन और धर्मपाल गोंदर बताए गए हैं।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि लोगों को वर्तमान सरकार पर भरोसा नहीं है। इन लोगों ने अपना समर्थन वापस ले लिया है और कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला किया है।

निर्दलीय विधायक रणधीर गोलन ने कहा कि पिछले साढ़े 4 वर्षों से हमने भाजपा को समर्थन दिया है। आज बेरोजगारी और महंगाई चरम पर हैं। इसे देखते हुए हमने (सरकार से) अपना समर्थन वापस ले लिया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुझे यह जानकारी मिली है। हो सकता है कि कांग्रेस अब कुछ लोगों की इच्छाएं पूरी करने में लगी हो। कांग्रेस का जनता की इच्छाओं से कोई लेना-देना नहीं है।

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में हालात भाजपा के खिलाफ हैं, राज्य में बदलाव तय है। भाजपा सरकार बहुमत खो चुकी है। उन्होंने 48 विधायकों की जो सूची दी थी, उनमें से कुछ विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है, क्योंकि वे लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं और कुछ निर्दलीय विधायकों ने भाजपा से अपना समर्थन वापस ले लिया और कांग्रेस को अपना समर्थन दिया है।

About The Author: News Desk