Dakshin Bharat Rashtramat

कांग्रेस और इंडि गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समर्पित: सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा ...

कांग्रेस और इंडि गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समर्पित: सोनिया गांधी
Photo: IndianNationalCongress FB page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने मंगलवार को अपने वीडियो संदेश में भाजपा पर हमला बोलते हुए देश की कई समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज देश के हर कोने में युवा बेरोजगारी, महिलाएं अत्याचार, दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक भयंकर भेदभाव झेल रहे हैं।

सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा माहौल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीयत की वजह से है। उनका ध्यान किसी भी कीमत पर सिर्फ सत्ता हासिल करने पर है। उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए नफरत को बढ़ावा दिया है।

सोनिया गांधी ने अपनी पार्टी की 'उपलब्धियां' गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस और मैंने हमेशा सभी की तरक्की और वंचितों को न्याय दिलाने के साथ ही देश को मजबूत करने के लिए संघर्ष किया है।

सोनिया गांधी ने कहा कि हमारे न्याय-पत्र और हमारी गारंटियों का मकसद भी देश को एकजुट रखना और गरीबों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित समुदायों को ताकत देना है।

सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस और इंडि गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए कांग्रेस को वोट दें और साथ मिलकर मजबूत और एकजुट भारत बनाएं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture