एक ओर गर्मियों में थाईलैंड जाने वाले राहुल हैं, दूसरी ओर बिना छुट्टी लिए देशसेवा करने वाले मोदी हैं: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने दमण के दुनेथा में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

शाह ने कहा कि देश की जनता मोदी को 400 सीटें देने का मन बना चुकी है

दुनेथा/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दमण के दुनेथा में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर खूब हमले बोले। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव के लिए इस देश की जनता के सामने दो विकल्प हैं- एक ओर चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए राहुल गांधी हैं। दूसरी ओर गरीब चाय वाले के घर पैदा हुए नरेंद्र मोदी हैं। 

शाह ने कहा कि एक ओर गर्मियों में थाईलैंड जाने वाले राहुल बाबा हैं। दूसरी ओर 23 साल से एक भी छुट्टी लिए बिना देशसेवा करने वाले नरेंद्र मोदी हैं। एक ओर एससी-एसटी-ओबीसी के आरक्षण को धर्म के आधार पर ... को देने वाली कांग्रेस है। दूसरी ओर आरक्षण को बचाने वाली भाजपा है।

शाह ने कहा कि देश की जनता मोदी को 400 सीटें देने का मन बना चुकी है। कमल के निशान के आगे वाला बटन दबाने से मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। इसका मतलब है- देश से आतंकवाद और नक्सलवाद को उखाड़ फेंकना। इसका मतलब है- भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना।

शाह ने कहा कि राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी को राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का न्योता भेजा गया, लेकिन ये लोग नहीं गए। इन्हें डर था कि अयोध्या राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा में जाने से कहीं हमारा वोट बैंक न समाप्त हो जाए।

शाह ने कहा कि राहुल गांधी पहले अमेठी से चुनाव लड़ते थे, लेकिन स्मृति ईरानी से हार गए। वे वायनाड गए और वहां आसन्न हार के डर से अब रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। राहुलजी, सीटों को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। समस्या आपके साथ है। आप जहां भी जाएंगे, हार जाएंगे। रायबरेली में भी आप हार रहे हैं। 

शाह ने कहा कि 'राहुल यान' को सोनियाजी ने 20 से ज्यादा बार लॉन्च किया, लेकिन यह लॉन्च नहीं हो सका। यह 21वां प्रक्षेपण है। और मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि यह भी विफल होगा।

About The Author: News Desk