Dakshin Bharat Rashtramat

एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने नए नौसेना प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभाला

संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ हैं एडमिरल त्रिपाठी

एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने नए नौसेना प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभाला
Photo: indiannavy.nic.in

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार को आर हरि कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद 26वें नौसेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला।

सैनिक स्कूल रीवा के पूर्व छात्र, एडमिरल त्रिपाठी इस बल की बागडोर संभालने से पहले नौसेना स्टाफ के उपप्रमुख के रूप में कार्यरत थे।

पंद्रह मई, 1964 को जन्मे एडमिरल त्रिपाठी को 1 जुलाई, 1985 को भारतीय नौसेना की कार्यकारी शाखा में नियुक्त किया गया था। उनके पास नौसेना में सेवा का लगभग 39 वर्षों का अनुभव है। वे नौसेना उपप्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने से पहले पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ थे।

एडमिरल त्रिपाठी ने विभिन्न महत्त्वपूर्ण परिचालन और स्टाफ नियुक्तियों पर भी काम किया है। वे पश्चिमी बेड़े के परिचालन अधिकारी, नौसेना परिचालन के निदेशक, नेटवर्क केंद्रीय परिचालनों के प्रधान निदेशक और नई दिल्ली में नौसेना योजना के प्रधान निदेशक भी रह चुके हैं।

एडमिरल त्रिपाठी राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने वेलिंगटन के डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, नेवल हायर कमांड, करंज और यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वॉर कॉलेज के पाठ्यक्रम पूरे किए हैं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture