कांग्रेस और अघाड़ी पर मोदी का प्रहार- 'धर्म के नाम पर आरक्षण की कोशिश सफल नहीं होने देंगे'

प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के सतारा में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब हजारों टन अनाज सरकार के गोदामों में सड़ता था

सतारा/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को महाराष्ट्र के सतारा में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2013 में जब भाजपा ने मुझे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया, तब मैं रायगढ़ के किले पर चला गया था। मैं, छत्रपति शिवाजी महाराज की समाधि स्थल पर ध्यानस्थ होकर बैठा था। उस समय महाराज की समाधि स्थल से मुझे जो ऊर्जा, प्रेरणा और आशीर्वाद मिला, उसी के बदौलत मैं बीते 10 वर्षों से आपके लिए जीने का प्रयास कर रहा हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ने वन रैंक, वन पेंशन (ओआरओपी) की गारंटी पूरी की। यह कोई नहीं भूल सकता कि कांग्रेस ने पूर्व सैनिकों को इससे वंचित रखा। आज मोदी सरकार ने पूर्व सैनिकों को ओआरओपी के तहत 1 लाख करोड़ रुपए दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश वर्ष 1947 में आजाद हुआ। कांग्रेस ने गुलामी की मानसिकता को फलने दिया था। पूरी ​दुनिया छत्रपति महाराज की नौसेना का लोहा मानती थी, लेकिन इतने वर्षों तक आजाद भारत की नौसेना के झंडे पर अंग्रेजों का निशान था। मोदी ने आकर अंग्रेजों के निशान को हटाया। मोदी ने तय किया कि इस झंडे की ताकत तब बढ़ेगी, जब हमारे नौसेना के झंडे में छत्रपति शिवाजी के प्रतीक को स्थान दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण के लिए मना करता है, लेकिन उन्होंने (कांग्रेस) रातोंरात कर्नाटक के एक समुदाय को ओबीसी घोषित कर दिया और ओबीसी का आरक्षण दे दिया। अब कांग्रेस संविधान बदलकर यही फॉर्मूला पूरे देश में लागू करना चाहती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और अघाड़ी वालो! कान खोलकर सुन लीजिए, जब तक मोदी जिंदा है और जब तक जनता-जनार्दन का मुझ पर आशीर्वाद है, तब तक धर्म के नाम पर आरक्षण लाने की कोशिश, संविधान बदलने की कोशिश आप नहीं कर पाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ीं परेशानियों को भाग्य के नाम पर नहीं छोड़ा। मोदी ने हर देशवासी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प लिया। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के जरिए आज गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार का रवैया गरीबों को लेकर क्या होता था, इसका अंदाजा आप उनकी नीतियों से लगा सकते हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी, तब हजारों टन अनाज सरकार के गोदामों में सड़ता था। कांग्रेस सरकार उसे गरीबों को देने को तैयार नहीं थी। मना कर दिया था। 

About The Author: News Desk